Kanpur: नहीं बदला ग्राम पंचायतों का परिसीमन, शासन को भेजा प्रस्ताव…चुनाव में नहीं होगा ईवीएम का प्रयोग
Kanpur News: जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वर्ष 2021 की तरह 2026 में परिसीमन यथावत रहेगा। अगले साल होने वाले चुनाव की तैयारी शुरू हो गई हैं।
विस्तार
कानपुर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पुराना परिसीमन ही लागू रहेगा। चार साल में जिले में एक भी ग्राम पंचायत न तो बढ़ी है और न ही नगर निगम की सीमा में शामिल हुई है। इस कारण किसी भी ग्राम पंचायत का परिसीमन नहीं होगा। इसका प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। वहीं, चुनाव में इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का प्रयोग नहीं होगा।
पूर्व की तरह बैलेट पेपर से ही मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। वर्तमान में चार तहसीलों में 590 ग्राम पंचायतें हैं। वर्ष 2015 के चुनाव से अभी तक ग्राम पंचायतों में कोई बदलाव नहीं हो पाया है। एक भी पंचायत न तो बढ़ी है और न ही कम हुई है। दो सप्ताह पूर्व शासन ने परिसीमन को लेकर रिपोर्ट मांगी थी।
अगले साल के चुनावों की तैयारी शुरू
इस पर डीएम की अध्यक्षता में चार सदस्यीय कमेटी गठित की गई थी। जिला पंचायत राज अधिकारी ने सभी ब्लाकों से परिसीमन की रिपोर्ट मांगी थी। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वर्ष 2021 की तरह 2026 में परिसीमन यथावत रहेगा। अगले साल होने वाले चुनाव की तैयारी शुरू हो गई हैं।
पंचायत चुनाव के परिसीमन पर हर किसी की निगाह टिकी हुई थी। अगर पंचायतों का परिसीमन होता तो इससे कई लोगों की जीत के समीकरण बिगड़ जाते। अब परिसीमन में कोई भी बदलाव नहीं होगा। ऐसे में चुनाव की तैयारी में जुटे लोगों को राहत मिलेगी।
एक नजर में पंचायतों में सीटें
ब्लॉक ग्राम पंचायत न्याय पंचायत क्षेत्र पं. सदस्य जि.पं सदस्य
शिवराजपुर 64 09 61 03
बिल्हौर 68 10 86 03
ककवन 25 04 32 02
कल्याणपुर 49 07 86 03
चौबेपुर 58 09 70 03
सरसौल 62 10 94 04
विधनू 59 10 90 03
पतारा 50 07 75 03
घाटमपुर 78 12 106 04
भीतरगांव 77 12 89 04