Kanpur Dehat: तेज रफ्तार स्कार्पियो ने स्कूटी सवार मां-बेटे को रौंदा, दोनों की मौत…चालक फरार, तलाश जारी
Kanpur Dehat News: कल्याणपुर-शिवली मार्ग पर बाघपुर के पास तेज रफ़्तार स्कार्पियो ने स्कूटी सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने स्कार्पियो को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
विस्तार
कानपुर देहात में शिवली थाना क्षेत्र के कल्याणपुर शिवली मार्ग पर बाघपुर के पास तेज रफ़्तार स्कार्पियो ने स्कूटी सवार मां बेटे को टक्कर मार दी। राहगीरों की मदद से पुलिस ने दोनो घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवली पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
रूरा थाना क्षेत्र के ग्राम गहलौ जर्बी निवासी शैलेंद्र कुमार (27) पुत्र गेंदालाल सोमवार रात 10 बजे के करीब मां केशकली (52) को स्कूटी से लेकर कानपुर से घर लौट रहे थे। बाघपुर में शिवली की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। अस्पताल पहुंचने पर दोनों की मौत हो गई। पिता ने बताया कि पुत्र शैलेंद्र घर पर बुक स्टॉल व किराने की दुकान किए था। बेटे ने हेलमेट लगाया हुआ था।
चालक स्कॉर्पियो छोड़ कर भाग निकला
सोमवार को वह अपनी मां को लेकर बेटी दीक्षा के ससुराल बर्रा-चार गल्ला मंडी नौबस्ता गया था। वहां से लौटने के दौरान हादसा हो गया। अनहोनी पर पिता गेंदालाल, बहन दीक्ष, रूबी, भाई शिवम बिलखते रहे। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि हादसे के बाद चालक स्कॉर्पियो छोड़ कर भाग निकला है। गाड़ी कब्जे में ली गई है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।