Kanpur Dehat Murder: हथौड़े से पत्नी का चेहरा कूंचकर हत्या, बच्चों ने रोका...लेकिन आरोपी ने नहीं बंद किए वार
अकबरपुर के करौसा गांव में गुरुवार की भोर एक महिला की हत्या कर दी गई। मां की चीख पर जगे बच्चों ने पिता को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने वार बंद नहीं किए।
विस्तार
कानपुर देहात में अकबरपुर थाना क्षेत्र के करौसा गांव में गुरुवार की भोर सोते समय महिला के चेहरे पर ताबड़तोड़ हथौड़े से वारकर पति ने हत्या कर दी। मां की चीख पर जगे बच्चे पिता की करतूत को देखकर सहम गए और जानकारी मामा को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस और परिजन महिला को लेकर जिला अस्पताल गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने गांव से ही आरोपी पति को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयोग किए हथौड़े को बरामद कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार रात में अस्पताल में रुकने से नाराज होकर आरोपी ने घटना को अंजाम दिया। करौसा गांव निवासी गंगा नारायण यादव भोगनीपुर के चौरा स्थित एक पेट्रोल पंप में काम करता था। उसके परिवार में पत्नी रामदुलारी (50), बड़ी बेटी मनोज, नन्ही, कल्पना, नैन्सी, प्रांजलि (14) और एकलौता बेटा देवराज (11) है।
महिला के चीखने पर जागे बच्चे
इसमें प्रांजलि को छोड़ कर चार बेटियों की शादी हो चुकी। गुरुवार सुबह करीब चार बजे गंगा नारायण ने चारपाई पर सो रही पत्नी रामदुलारी के चेहरे व सिर पर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। इससे रामदुलारी के चीखने पर प्रांजली, देवराज और विवाहित बेटी नैन्सी जाग गई।
बच्चों ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी नहीं रूका
सभी ने गंगा नारायण को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह वार करता रहा। पिता का यह रूप देख बच्चे सहम गए। इसी बीच देवराज ने अकबरपुर तौड़ा मोहम्मदपुर निवासी अपने मामा रामऔतार को घटना की सूचना दी। इस पर हत्यारोपी गंगा नारायण मौके से भाग निकला।
परिजन लेकर पहुंचे थे अस्पताल
वहीं, रामऔतार की सूचना पर एएसपी घनश्याम चौरसिया, सीओ अकबरपुर प्रभात कुमार और थाना प्रभारी अनिल कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस और बहनोई इंद्रजीत यादव ने रामदुलारी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉ. निशांत पाठक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार
इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अकबरपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि महिला के भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसे गांव से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त हथौड़ा भी बरामद कर लिया गया है।