Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kanpur News ›   Kanpur Dehat Medical College joins ICMR's national research project

Kanpur News: आईसीएमआर की राष्ट्रीय शोध परियोजना में शामिल हुआ कानपुर देहात मेडिकल कॉलेज

Sat, 14 Nov 2026 01:36 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर Updated Sat, 14 Nov 2026 01:36 AM IST
विज्ञापन
Kanpur Dehat Medical College joins ICMR's national research project
कानपुर देहात। चिकित्सा अनुसंधान के क्षेत्र में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, कानपुर देहात ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से वित्तपोषित राष्ट्रीय बहुकेंद्रीय शोध परियोजना में मेडिकल कॉलेज को शामिल किया गया है। इसके तहत मुंह के कैंसर से पहले की अवस्था ओरल सबम्यूकस फाइब्रोसिस (ओएसएमएफ) की रोकथाम, पहचान और प्रभावी प्रबंधन पर शोध किया जाएगा।
विज्ञापन

इसके साथ ही कॉलेज की ओर से फोटो बायो मॉड्यूलेशन मशीन भी मंगवाई गई है, जिससे मुंह और मसूड़ों के असामान्य ऊतकों की जांच और ल्यूकोप्लाकिया जैसी बीमारी के उपचार में मदद मिलेगी। इस राष्ट्रीय शोध परियोजना में कानपुर देहात मेडिकल कॉलेज के साथ जामिया मिल्लिया इस्लामिया नई दिल्ली, चिकित्सा विज्ञान संस्थान (आईएमएस-बीएचयू) वाराणसी और राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रांची शामिल हैं।
विज्ञापन

चारों संस्थान मिलकर बीमारी की पहचान, उसके बढ़ने की स्थिति और उपचार की प्रभावशीलता का वैज्ञानिक मूल्यांकन करेंगे। मेडिकल कॉलेज के दंत चिकित्सा विभाग की विभागाध्यक्ष एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रूबी द्विवेदी को परियोजना का प्रधान अन्वेषक बनाया गया है। वहीं आईसीएमआर प्रोजेक्ट साइंटिस्ट डॉ. साकिब खान शोध, मरीजों के पंजीकरण और अध्ययन संबंधी गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

डॉ. रूबी द्विवेदी ने बताया कि ओरल सबम्यूकस फाइब्रोसिस एक गंभीर बीमारी है, जिसका संबंध मुख्य रूप से सुपारी, गुटखा और तंबाकूयुक्त पदार्थों के सेवन से है। इसमें मुंह के अंदर की श्लेष्मा झिल्ली और ऊतकों में कठोरता आने लगती है। धीरे-धीरे मुंह खुलना कम हो जाता है। मरीजों को भोजन करने, निगलने और बोलने में परेशानी होने लगती है। यह बीमारी कैंसर-पूर्व अवस्था मानी जाती है और कुछ मामलों में मुंह के कैंसर में परिवर्तित हो सकती है। इसी दिशा में कॉलेज की ओर से फोटो बायो मॉड्यूलेशन मशीन मंगवाई गई है।
इस तकनीक से मुंह और मसूड़ों में बढ़े हुए असामान्य ऊतकों की जांच तथा ल्यूकोप्लाकिया जैसी बीमारी के उपचार और सर्जरी में सहायता मिलेगी। इससे मुंह के अंदर होने वाले असामान्य बदलावों की पहचान और उपचार की प्रक्रिया को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। शोध परियोजना के माध्यम से ओएसएमएफ से पीड़ित मरीजों की समय से पहचान कर बीमारी की प्रगति का वैज्ञानिक मूल्यांकन किया जाएगा। साथ ही उपचार और प्रबंधन के प्रभावी तरीकों का अध्ययन होगा। इसका उद्देश्य कैंसर-पूर्व अवस्था में ही बीमारी का उचित प्रबंधन कर मुंह के कैंसर में बदलने के जोखिम को कम करने के लिए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाना है।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अंबरीश कुमार गुप्ता ने इस उपलब्धि को संस्थान के लिए गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा एवं अनुसंधान संस्थानों के साथ राष्ट्रीय परियोजना में भागीदारी से कॉलेज में उच्चस्तरीय चिकित्सा अनुसंधान को बढ़ावा मिलेगा। इससे कानपुर देहात और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं और शोध आधारित उपचार का लाभ मिलने की उम्मीद है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed