कानपुर देहात: टब के पानी में डूबकर मासूम की मौत, पिता की हालत बिगड़ी...हालत गंभीर, थानाध्यक्ष बोले- जांच होगी
परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना सेंगुर नदी के पास बालक का अंतिम संस्कार कर दिया। बेटे की मौत से रात में पिता धनंजय की हालत बिगड़ गई। इस पर उन्हें निजी चिकित्सक के पास भर्ती कराया गया है।
विस्तार
कानपुर देहात में मंगलपुर थाना क्षेत्र के नैपलापुर गांव में बुधवार की शाम घर में रखे पानी भरे टब में डूबकर मासूम की मौत हो गई। जानकारी होने पर परिजन बिलख पड़े। पुलिस को सूचना दिए बिना घर वालों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मंगलपुर के नैपलापुर निवासी धनंजय सिंह की पत्नी रामा बुधवार को घर में किसी काम में व्यस्त थीं। इस दौरान उनका बेटा आराध्य (2) घर के अंदर खेलते हुए नल के पास पहुंच गया। जहां रखे पानी भरे टब में वह गिर गया। कुछ देर बाद जब परिजनों को बच्चा नहीं दिखा तो उसकी खोज शुरू की।
इस दौरान वह टब में पड़ा मिला। जब उसे बाहर निकाला तो उसकी मौत हो चुकी थी। इस पर परिजन बिलख पड़े। आवाज सुनकर पास पड़ोस के लोग भी पहुंच गए। परिजनों के अनुसार धनंजय सिंह की तीन वर्ष पहले ही शादी हुई है। आराध्य उनका एकलौता बेटा था। बेटे की मौत पर मां रामा, बाबा अनिल सिंह, दादी छाया, चाचा छोटे सिंह व पिता का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
नदी के पास बालक का अंतिम संस्कार कर दिया
परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना सेंगुर नदी के पास बालक का अंतिम संस्कार कर दिया। बेटे की मौत से रात में पिता धनंजय की हालत बिगड़ गई। इस पर उन्हें निजी चिकित्सक के पास भर्ती कराया गया है। थानाध्यक्ष मंगलपुर देवेन्द्र सिंह ने बताया कि किसी ने घटना की जानकारी नहीं दी है। जांच कराई जाएगी।