Kanpur Dehat: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत, पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया, फरार चालक की तलाश
Kanpur Dehat News: मूसानगर के पास मुगल रोड पर शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने गन्ने का रस लेकर आ रहे किसान की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश कर रही है।
विस्तार
कानपुर देहात में मूसानगर थाना के नयापुरवा मोड़ के पास मुगलरोड पर शुक्रवार की शाम साढ़े सात बजे के करीब तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में घायल बाइक सवार को इलाज के लिए सीएचसी पुखरायां भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। कानपुर नगर थाना पतारा के बारा दौलतपुर निवासी आनंद विकास (50) किसान थे।
बेटे देवराज ने बताया कि पिता शुक्रवार देर शाम सात बजे के करीब बाइक से पुखरायां से गन्ने का रस लेकर आ रहे थे। मूसानगर थाना के नयापुरवा मोड़ के पास मुगल रोड पर भोगनीपुर की ओर से जा रहे ट्रक की टक्कर से वह घायल हो गए। सूचना पर आई पुलिस ने इलाज के लिए ऑटो से पुखरायां सीएचसी भेजा। जहां डॉ. राजवीर सिंह ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लिया
अनहोनी पर पत्नी सुमन, पुत्री सारिका, विदिशा व पुत्र देवराज बिलखते रहे। बताया कि एक मकान पुखरायां कृष्णानगर मंडी में है। इस समय परिवार यहीं पर रहता है। आनंद की पत्नी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। जिनकी बीएलओ में ड्यूटी लगी है। थानाध्यक्ष कालीचरण ने बताया कि चालक कंटेनर ट्रक को हलिया घाट मोड़ के पास छोड़कर भाग निकला। कंटेनर को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।