Kanpur Dehat: खेतों में पड़ा मिला युवक का शव, ठेलिया से चाट बेचता था मृतक, पत्नी बोली- कैसे होगा भरण पोषण
Kanpur Dehat News: सिकंदरा थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव खेत में पड़ा मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू की है। थाना प्रभारी दिलीप कुमार बिंद ने बताया कि मामले में गहनता से जांच शुरू की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
कानपुर देहात में सिकंदरा थाना क्षेत्र के रसधान कस्बे के पास शुक्रवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में खेतों पर एक 30 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। ग्रामीणों में शव देखकर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू की है।
मिली जानकारी के अनुसार, सिकंदरा थाना क्षेत्र के रसधान निवासी दीपक (30) गांव-गांव जाकर ठेलिया से चाट बेचता था। बीते गुरुवार को वह सुबह चाट बेचने के लिए गया था। जब शाम को वह घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
खोजबीन के बाद सुबह उसका शव गांव के बाहर खेतों पर पड़ा मिला। शव के पास में ही उसकी ठिलिया खड़ी थी। युवक की मौत से परिजनों मे कोहराम मच गया। वहीं, मृतक की पत्नी कामनी उर्फ मालती अपने मासूम बच्चे नैतिक (5) को गोद मे लेकर बिलखती रही।
पत्नी बोली- परिवार का भरण पोषण कैसे होगा
उसने बताया कि मेरा पति चाट का ठेला लगाकर परिवार का भरण पोषण करता था। अब उनकी मौत पर परिवार का भरण पोषण कैसे होगा। वहीं, मृतक के दिव्यांग वृद्ध दयाशंकर ने बताया कि बेटे के मां की पहले ही मौत हो चुकी थी। मृतक पुत्र दिलीप अकेला था, अब किसके सहारे जीवन यापन होगा।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को सूचना दी। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सिकंदरा थाना प्रभारी दिलीप कुमार बिंद ने बताया कि मामले में गहनता से जांच शुरू की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।