Kanpur Dehat: कानपुर-इटावा हाईवे पर पलटी बाइक, दरोगा के बेटे की मौत, साथी घायल
औरैया के एक डिग्री कॉलेज में बीएससी की परीक्षा देने जा रहे दरोगा के बेटे की बाइक कानपुर-इटावा हाईवे पर डेरापुर की बिहार घाट चौकी के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में उसकी मौत हो गई। वहीं, साथ में पीछे बैठा साथी घायल हो गया। हादसे के समय बाइक चालक ने हेलमेट नहीं लगा रखा था, इससे उसके सिर पर चोट लगने से जान चली गई।
औरैया जिले के मुरादगंज निवासी गोविंद नारायण सिंह पुलिस विभाग में दरोगा है। इस वक्त वह लखनऊ के गोमती नगर थाने में तैनात हैं। गोविंद नारायण वर्तमान में परिवार के साथ लखनऊ के मानक नगर स्थित भगवती नगर में रहते हैं। उनका छोटा बेटा आयुष सिंह (20) औरैया के ककोर बुजुर्ग स्थित प्रकाश चंद्र महाविद्यालय में बीएससी सेकेंड ईयर का छात्र था। उसके साथ लखनऊ के ही भगवती नगर निवासी चेतराम का बेटा जितेंद्र वर्मा (21) भी पढ़ता था।
आयुष व जितेंद्र बीएससी की परीक्षा देने गुरुवार की रात बाइक से लखनऊ से औरैया आ रहे थे। कानपुर-इटावा हाईवे पर बिहार घाट चौकी के पास थनवापुर मोड़ पर शुक्रवार की भोर करीब साढ़े चार बजे बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे लगे लोहे के तार में जा गिरी। हादसे में आयुष व जितेंद्र घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने आयुष को मृत घोषित कर दिया और जितेंद्र का इलाज किया।
आयुष और जितेंद्र को परीक्षा देने के लिए लखनऊ आगरा इंटरसिटी से आना था। दोनों ट्रेन पकड़ने के लिए गुरुवार को लखनऊ रेलवे स्टेशन पहुंचे तो ट्रेन छूटने की जानकारी हुई। इस पर उस समय दोनों घर लौट आए। देर रात में दोनों एक बाइक से परीक्षा देने औरैया के लिए निकले और हादसा हो गया।