Kanpur Dehat Accident: झांसी-कानपुर हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलटी बस, सात सवारियां घायल..तीन रेफर
Kanpur Dehat News: झांसी-कानपुर हाईवे पर ओवरलोड बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से तीन को रेफर किया गया है।
विस्तार
कानपुर देहात में भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां मावर नदी पुल के पास झांसी-कानपुर हाईवे पर ओवरलोड शताब्दी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सात सवारियां घायल हो गईं। इनमें पांच घायलों को देवीपुर सीएचसी, एक घायल को पुखरायां सीएचसी और एक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं, तीन घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, अन्य सवारियों को दूसरी बस से कानपुर ले जाया गया। बस में लदा सामान भी तत्काल हटवा दिया गया। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह झांसी से कानपुर आ रही शताब्दी बस कोतवाली क्षेत्र के मावर पुल के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
इससे सवारियों में चीख-पुकार मच गई और आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पर हाईवे प्रेट्रोलिंग के उमेश दुबे ने पहुंचकर कर फतेहपुर के शिवकुमार व मान सिंह, अमेठी के फूलचंद, आजमगढ़ के अजीर्जु रहमान, कानपुर नगर के अजय गुप्ता की पत्नी प्रीती गुप्ता को इलाज के लिए देवीपुर सीएचसी में भर्ती कराया।
तीन को जिला अस्पताल रेफर किया
वहीं, पुखरायां के रामबहादुर को पुखरायां सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से देवीपुर सीएचसी चिकित्सक डॉ. जया श्रीवास्तव ने अजीर्जुरहमान और मान सिंह को, पुखरायां सीएचसी के डॉ. गोविंद प्रसाद ने गंभीर हालत में राम बहादुर जिला अस्पताल रेफर किया।
दूसरी बस से सवारियों को ले जाया गया
वहीं, जिला अस्पताल में कानपुर नगर थाना महाराजपुर के तिलहर के सोनू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर देवीपुर चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र मलिक पुलिस बल के साथ पहुंचे। अन्य यात्री आनन फानन में बस में लदा सामान लाद ले गए। दूसरी बस से सवारियों को ले जाया गया। बस को भी सीधा कर हटवा दिया गया।