Kanpur: कारोबारी के घर में घुसकर दबंगई करने वाले तीन दरोगा निलंबित, पढ़ें पूरा मामला
कारोबारी के घर में घुसकर दबंगई करने के मामले में सोशल मीडिया पर सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ तो गुरुवार को एडीजी जोन भानु भास्कर ने इसका संज्ञान लिया। जिसके बाद एसपी आउटर तेज स्वरूप सिंह ने इन तीनों दरोगाओं को निलंबित कर दिया।
विस्तार
कानपुर में कारोबारी के घर में घुसकर दबंगई करने वाले आउटर के तीन दरोगा गुरुवार को निलंबित कर दिए गए। एडीजी जोन के निर्देश पर एसपी आउटर ने कार्रवाई की। तीनों दरोगाओं के खिलाफ प्रारंभिक जांच के भी आदेश हुए हैं। जांच सीओ घाटमपुर को सौंपी गई है।
प्रारंभिक जांच के बाद तीनों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। बिधनू थाने में तैनात दरोगा दीपक कुमार, मोहित राणा व कुशलवीर राठी चार सितंबर की रात हंसपुरम नौबस्ता निवासी मसाला कारोबारी सनी राजपूत के घर में घुस गए थे। सनी ने आरोप लगाया था कि पुलिसकर्मियों ने नकदी व मोबाइल लूट लिए थे। मारपीट व अभद्रता की थी। डीसीपी साउथ को तहरीर भी दी थी। आउटर पुलिस चार दिनों तक मामला दबाए रही।
जब बुधवार को सोशल मीडिया पर सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ तो गुरुवार को एडीजी जोन भानु भास्कर ने इसका संज्ञान लिया। जिसके बाद एसपी आउटर तेज स्वरूप सिंह ने इन तीनों दरोगाओं को निलंबित कर दिया। तीनों दरोगा अंडर ट्रेनी हैं।
कारोबारी पर बनाया दबाव
कारोबारी ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ तहरीर दी थी। डीसीपी साउथ ने जांच भी की लेकिन अचानक से कारोबारी आरोपों से पलट गया था। लूट की शिकायत वापस ले ली। आशंका है कि पुलिस ने उन पर कहीं न कहीं दबाव बनाया होगा।