दर्दनाक: आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चे ने पीया टॉयलेट क्लीनर, पिता की गोद में तड़प-तड़क कर तोड़ा दम, पढ़ें मामला
Kanpur News: असेनिया गांव में आगनबाड़ी केंद्र में मासूम ने टॉयलेट क्लीनर पी लिया। परिजन जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में मासूम ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
कानपुर में भीतरगांव प्राइमरी स्कूल परिसर में बने आंगनबाड़ी केंद्र में तीन वर्षीय मासूम ने अनजाने में टॉयलेट साफ करने वाला केमिकल पी लिया। घटना की अन्य बच्चों से जानकारी होने पर सहायिका मासूम को घर छोड़ आई।
कुछ देर में मासूम को उल्टियां शुरू हुईं], तो परिजन नजदीकी जहानाबाद सीएचसी ले गए, जहां से बच्चे को जिला अस्पताल फतेहपुर रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में बच्चे की सांसें थम गई। पिता ने स्कूल और आंगनबाड़ी स्टॉफ की लापरवाही से बच्चे की मौत की तहरीर दी है।
पुलिस ने समझा बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। भीतरगांव ब्लॉक के सीमावर्ती असेनिया गांव निवासी रामबाबू पाल का बेटा निखिल (3) निखिल गांव के ही प्राइमरी स्कूल में बने आंगनबाड़ी केंद्र में जाता था। मंगलवार दोपहर आंगनबाड़ी सहायिका विद्यावती बेटे निखिल को घर छोड़ गई।
पिता की गोद में तड़प-तड़प कर मौत
बताया कि स्कूल के बाथरूम में रखे टॉयलेट साफ करने वाले केमिकल को पी लिया है। इसके कुछ देर बाद निखिल को उल्टियां शुरू हो गईं। हालत बिगड़ने पर परिजन नजदीकी जहानाबाद सीएचसी ले गए, जहां से जिला अस्पताल फतेहपुर ले जाते समय रास्ते में पिता की गोद में तड़प-तड़प कर मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही मां रानीदेवी व भाई सौरभ हाल बेहाल हो उठे।
स्टॉफ की लापरवाही से मौत की दी तहरीर
साढ़ प्रभारी निरीक्षक कुशलपाल सिंह ने बताया कि केमिकल पीने से मासूम की मौत से परिजन बेहाल थे। परिजनों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पिता ने प्राइमरी स्कूल और आंगनबाड़ी स्टॉफ की लापरवाही से बेटे की मौत होने की तहरीर दी है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी है।