Kanpur: शहर के पहले सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण अंतिम चरण में, अभ्यास के लिए 1000 और 2000 होगा शुल्क, पढ़ें डिटेल
Kanpur News: कानपुर के सीएसजेएमयू में अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक अगले एक महीने में शुरू हो जाएगा। विश्वविद्यालय ने बाहरी खिलाड़ियों के लिए 2000 और परिसर के छात्रों के लिए 1000 अभ्यास शुल्क तय किया है।
विस्तार
कानपुर में छत्रपति शाहू जी महाराज विवि (सीएसजेएमयू) परिसर में शहर के पहले अंतरराष्ट्रीय मानकों पर आधारित सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का निर्माण अंतिम चरण में है। इसका शुभारंभ करीब एक महीने बाद होने की संभावना है। फिलहाल विश्वविद्यालय खेल समिति ने इस ट्रैक पर अभ्यास के लिए शुल्क तय कर दिया है। परिसर के छात्रों को प्रशिक्षण के लिए एक हजार तथा बाहरी खिलाड़ियों को दो हजार रुपये शुल्क देना होगा।
इससे शहर और आसपास के जिलों के खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं के बीच अभ्यास का अवसर मिलेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस परियोजना पर लगभग 20 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। करीब नौ एकड़ क्षेत्र में विकसित 400 मीटर लंबा यह ट्रैक लगभग 10 करोड़ रुपये से तैयार किया गया है। यहां 100 मीटर से 1200 मीटर तक की दौड़, बाधा दौड़, रिले रेस के साथ मध्यम और लंबी दूरी की प्रतियोगिताएं भी कराई जा सकेंगी।
स्थानीय स्तर पर ही अंतरराष्ट्रीय सुविधाएं मिल सकेंगी
खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए ट्रैक के चारों ओर करीब तीन हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था भी की गई है। इस सुविधा के शुरू होने से खिलाड़ियों को अब लखनऊ या अन्य महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही अंतरराष्ट्रीय सुविधाएं मिल सकेंगी। यह ट्रैक कानपुर के साथ-साथ उन्नाव, कन्नौज और कानपुर देहात के खिलाड़ियों के लिए भी उपयोगी साबित होगा।
एक से दो हजार रुपये हैं शुल्क
शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव ने बताया कि अप्रैल में खिलाड़ियों का पंजीकरण शुरू किया गया था। शुरुआत के पांच दिनों में ही 20 खिलाड़ियों ने अभ्यास के लिए पंजीकरण भी करवा लिया था। हालांकि एथलेटिक ट्रैक से जुड़ा कुछ काम बाकी होने के कारण इसे रोक दिया गया। काम पूरा होने में करीब एक माह और लगने से खिलाड़ियों को इंतजार करना होगा।