Kanpur: कोचिंग संचालक ने फंदा लगाकर दी जान, सुसाइड नोट में लिखा- अम्मा का ख्याल रखना…मुझे हंसते हुए विदा करना
Kanpur News: जाजमऊ थाना क्षेत्र में एक कोचिंग संचालक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
क्षमा करना, अम्मा का ख्याल रखना, कोई रोने ना देना…मुझे हंसते हुए विदा करना। जाजमऊ थाना क्षेत्र के डिफेंस कॉलोनी में सुसाइड नोट लिखकर कोचिंग संचालक अजय साहू ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। मानसिक रूप से कोचिंग संचालक परेशान था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक अविवाहित था। वह अपनी मां के साथ रहता था। डिफेंस कॉलोनी निवासी अजय साहू (32) कोचिंग संचालक था। परिवार में पिता शिवप्रसाद साहू, मां कुसुमा साहू व चार भाई है।
मानसिक रूप से अस्वस्थ था अजय
बीते रविवार सुबह अजय ने दूसरे तल पर पंखे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बड़े भाई अनिल साहू ने बताया कि अजय मानसिक रूप से अस्वस्थ था, जिसका लंबे समय से उपचार चल रहा था। अजय मां कुश्मा के साथ डिफेंस कॉलोनी में चचेरे भाई संजीव के मकान में रहता था।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
यहीं, बच्चों को कोचिंग पढ़ाकर जीवन यापन कर रहा था। पिता शिवप्रसाद साहू की कोरोना के दौरान मौत हो गई थी। परिवार में चार भाई में से सबसे छोटा अजय था। मृतक अविवाहित था। जाजमऊ थानाप्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि सुसाइड नोट कब्ज़े में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
