Kanpur: शहर का शेयर कारोबार सर्वकालिक सर्वोच्च स्तर पर, अप्रैल के मुकाबले 10 गुना हुआ टर्नओवर, पढ़े अपडेट
Kanpur News: शेयर बाजार के विशेषज्ञ राजीव सिंह के अनुसार आर्टीफीशियल इंटेलिजेंस (एआई) के इस्तेमाल से इस्तेमाल से ट्रेडिंग की गति बहुत तेज हो गई है। एआई की मदद से कारोबारी को एक साथ सभी संबंधित बाजारों में अपने मन मुताबिक सौदों के विकल्प उपलब्ध हो जाते हैं।
विस्तार
कानपुर शहर का शेयर कारोबार हर महीने नई ऊंचाई हासिल कर रहा है। अगस्त में यह 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक के नए सर्वकालिक सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया। इस महीने हर ट्रेडिंग दिवस पर 924 करोड़ रुपये के औसत कारोबार के साथ कुल 20,329 करोड़ रुपये की ऊंचाई पर पहुंच गया। यह इसी साल अप्रैल में हुए कुल कारोबार के मुकाबले 10 गुने से ज्यादा है। अप्रैल में 17 ट्रेडिंग दिवसों में कुल 1985 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था।
अगस्त में 22 दिन ट्रेडिंग हुई थी। मौजूदा वित्तीय वर्ष में अप्रैल से अगस्त के दौरान शहर में 57,579 करोड़ का कारोबार कैश सेगमेंट में हुआ है। इससे एनएसई कैश सेगमेंट में शहर की हिस्सेदारी बढ़कर 1.20 प्रतिशत हो गई है, जो जुलाई में 1.10 प्रतिशत थी। केश्री वेल्थ क्यूरेटर के कोफाउंडर और शेयर बाजार के विशेषज्ञ राजीव सिंह के अनुसार शेयर बाजार चल रही तेजी ने युवाओं को बड़ी संख्या में आकर्षित किया है।
डीमैट खातों की कुल संख्या डेढ़ करोड़ के करीब
युवाओं की सक्रियता बढ़ने की वजह से नए ऑनलाइन डीमैट खाते पिछले हाल में बहुत तेजी से खुले हैं। अब तक शहर में पांच लाख से ज्यादा डीमैट खाते खुल चुके हैं। वहीं, पूरे उत्तर प्रदेश में डीमैट खातों की कुल संख्या डेढ़ करोड़ के करीब है। गौरतलब है कि सितंबर में ही निफ्टी पहली बार 20 हजार अंक के पार गया और सेंसेक्स भी 67927.23 के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंचा है।
तकनीक ने बढ़ा दी कारोबार की गति
शेयर बाजार के विशेषज्ञ राजीव सिंह के अनुसार आर्टीफीशियल इंटेलिजेंस (एआई) के इस्तेमाल से इस्तेमाल से ट्रेडिंग की गति बहुत तेज हो गई है। एआई की मदद से कारोबारी को एक साथ सभी संबंधित बाजारों में अपने मन मुताबिक सौदों के विकल्प उपलब्ध हो जाते हैं। इसकी मदद से ऑर्डर के हिसाब से शेयर खरीदे और बेचे जा सकते हैं। यह ट्रेडिंग बहुत तेज बहुत गति से होती है। मैनुअल ट्रेडिंग इसकी गति का मुकाबला नहीं कर सकती है।
शहर में ऐसे बढ़ी शेयर ट्रेडिंग
अवधि कैश टर्नओवर एनएसई टर्नओवर में हिस्सेदारी
वित्तीय वर्ष 2022-23 38,431 करोड़ 0.27
2023-24 (पहली तिमाही) 20,361 करोड़ 0.56
जुलाई 2023 16,889 करोड़ 1.10
अगस्त 2023 20,329 करोड़ 1.20