GRP-RPF Action: कानपुर सेंट्रल पर यात्रियों से अवैध वसूली करने वाले 9 फर्जी किन्नर गिरफ्तार, केस दर्ज
Kanpur News: कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से जबरन पैसे मांगने और विरोध करने पर अभद्रता करने वाले नौ कथित फर्जी किन्नरों को जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ शांति भंग की आशंका में वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर सेंट्रल पर सफर करने वाले रेल यात्रियों की सुरक्षा और सहूलियत को लेकर रेलवे पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों और प्लेटफॉर्मों के भीतर यात्रियों से जबरन अवैध वसूली करने, पैसे न देने पर गाली-गलौज और अभद्रता करने वाले नौ शातिर फर्जी किन्नरों को दबोच लिया गया है।
राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर इन सभी आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी के खिलाफ शांति भंग करने और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।
प्लेटफॉर्म नंबर 10 पर यात्रियों से कर रहे थे जबरन वसूली
जीआरपी और आरपीएफ के आला अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार को रेलवे कंट्रोल रूम और मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि कानपुर सेंट्रल के प्लेटफॉर्म नंबर 10 पर फर्जी किन्नरों का एक बड़ा गिरोह सक्रिय है। यह गिरोह स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों और ट्रेनों के भीतर घुसकर लोगों को घेर रहा था और उनसे जबरन पैसों की मांग कर रहा था।
हद तो तब हो गई जब कुछ यात्रियों द्वारा पैसे देने से मना करने पर इन फर्जी किन्नरों ने सरेआम गाली-गलौज शुरू कर दी, अश्लील हरकतें कीं और यात्रियों के साथ तीखी नोकझोंक व विवाद पर उतारू हो गए। यात्रियों की परेशानी और स्टेशन के माहौल को बिगड़ता देख जीआरपी और आरपीएफ की एक संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर धावा बोल दिया और चारों तरफ से घेराबंदी करके नौ लोगों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में खुले काल्पनिक नाम, कई जिलों से जुड़े हैं तार
कड़ाई से की गई शुरुआती पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से अपने नाम पुष्पा, सीता, रीता, रानी, गीता, मंजू, संजू, पिंकी और रिंकी बताए। हालांकि, गहनता से जांच करने पर पुलिस को पता चला कि आरोपियों द्वारा बताए गए ये सभी नाम पूरी तरह से काल्पनिक और फर्जी हैं।
यह सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के रहने वाले पुरुष हैं, जो भेष बदलकर और फर्जी किन्नर बनकर भोले-भाले यात्रियों को डराने-धमकाने और उनसे मोटी रकम ऐंठने का संगठित गिरोह चला रहे थे। इनका मकसद ट्रेनों में सफर करने वाले परिवारों, विशेषकर महिला और बुजुर्ग यात्रियों को निशाना बनाकर अवैध रूप से कमाई करना था।
रेलवे पुलिस ने जारी की अपील
जीआरपी के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि इन फर्जी किन्नरों की हरकतों, यात्रियों से सरेआम की गई अभद्रता और लगातार बढ़ते विवाद के कारण रेलवे स्टेशन परिसर के भीतर कानून-व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित होने की गंभीर आशंका पैदा हो गई थी।
यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी नौ आरोपियों को बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत शांति भंग की आशंका में विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने साफ किया कि गिरफ्तारी की पूरी प्रक्रिया के दौरान सुप्रीम कोर्ट और मानवाधिकार आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया गया है।