कानपुर कब्रिस्तान विवाद: ग्रामीणों और बजरंग दल के हंगामे के बाद SDM ने मांगा दो दिन का समय, जानें पूरा मामला
Kanpur News: ककराली गांव में कुलदेवी मंदिर के पास अवैध कब्रिस्तान बनाए जाने पर ग्रामीणों और बजरंग दल ने विरोध-प्रदर्शन किया। इसके बाद उपजिलाधिकारी ने दो दिनों में मामले को सुलझाने का आश्वासन देते हुए लोगों को शांत किया।
विस्तार
कानपुर में नरवल थाना क्षेत्र के पाली, गढ़ी ककराली गांव में कुलदेवी मंदिर के पास अवैध तरीके से कब्रिस्तान बनाए जाने को लेकर ग्रामीणों और बजरंग दल ने विरोध प्रदर्शन किया। यह विरोध पिछले चार घंटों से जारी है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले 200 वर्षों में ऐसा कभी नहीं हुआ।
उनके मुताबिक, गांव में दो मंदिरों के बीच अवैध तरीके से कब्रिस्तान बनाया जा रहा है। बजरंग दल के जिलाध्यक्ष आनंद सिंह ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर इसे नहीं हटाया गया, तो जिस तरह आज 500 लोग आए हैं। उसी तरह यहां 5,000 व्यक्ति आएंगे और अवैध कब्रिस्तान को उखाड़ फेंकेंगे।
दो दिन के भीतर निकाल लिया जाएगा मामले का हल
हालात को शांत करने के लिए उपजिलाधिकारी विवेक मिश्रा और एसीपी अभिषेक पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले की जांच की जा रही है और उच्च अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दो दिन के भीतर इस मामले का हल निकाल लिया जाएगा।