Kanpur: बरौनी पाइपलाइन से डीजल चोरी करने का मामला, पुलिस ने फरार अभियुक्त को किया गिरफ्तार
Kanpur News: पनकी पुलिस ने टैंकर का सील लूज कर डीजल और पेट्रोल चोरी कर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया था। वहीं, सोमवार को एक और फरार अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
विस्तार
कानपुर में इंडियन ऑयल की बरौनी-कानपुर पाइपलाइन से डीजल चोरी के मामले में पुलिस ने सोमवार को एक और फरार अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। यह गिरफ्तारी चार माह पूर्व थरेपाह गांव में हुई डीजल चोरी की घटना से जुड़ी है, जिसमें अब तक कुल छह आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
बता दें कि चार माह पूर्व थरेपाह गांव में पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर डीजल चोरी की गई थी। पाइपलाइन में प्रेशर कम होने पर इंडियन ऑयल अधिकारियों को संदेह हुआ और जांच शुरू हुई। सहायक प्रबंधक नीरज रस्तोगी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई। प्रकरण में क्राइम ब्रांच और पुलिस टीम ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
फरार गौरव उर्फ शनि को किया गिरफ्तार
सोमवार को फरार चल रहे गौरव उर्फ शनि गुप्ता (33) निवासी कमालगंज, फर्रुखाबाद को करबिगवां ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया गया है। थाना प्रभारी अखिलेश पाल के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। अब तक टीम छह आरोपियों को जेल भेज चुकी है।