Kanpur: वर्ल्ड यूथ स्किल्स डे पर सीए सेमिनार, वक्ताओं ने कहा- कानूनी ज्ञान के साथ तकनीकी दक्षता बेहद जरूरी
Kanpur News: वर्ल्ड यूथ स्किल्स डे पर आयोजित सीए सेमिनार में वक्ताओं ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंटों को कानूनी ज्ञान के साथ-साथ तकनीकी दक्षता और सरकारी योजनाओं की जानकारी रखना भी बेहद ज़रूरी है। यह आज के प्रतिस्पर्धी पेशेवर माहौल में उनकी मांग बढ़ाएगा।
विस्तार
कानपुर में द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल की ओर से मंगलवार को वर्ल्ड यूथ स्किल्स डे पर हुए सेमिनार में वक्ताओं ने कहा कि सीए पेशेवरों के लिए कानूनी ज्ञान के साथ तकनीकी दक्षता हासिल करना जरूरी है। सामाजिक योजनाओं की जानकारी भी रखें। यह सेमिनार लखनपुर स्थित सभागार में आयोजित था।
मुख्य वक्ता सीए शिवांश मेहरा ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी पेशेवर परिवेश में आवश्यक कौशल जैसे तकनीकी अपग्रेडेशन, प्रभावी संवाद, नेतृत्व क्षमता और नैतिक मूल्यों का होना बेहद अहम है। चार्टर्ड अकाउंटेंट को अकादमिक और कानूनी ज्ञान तक सीमित न रहकर विभिन्न क्षेत्रों में दक्षता हासिल करनी चाहिए। जो हर विषय में पारंगत होगा। बाजार में उसकी ही मांग बढ़ेगी। भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने की आवश्यकता है।
सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दें
मुख्य अतिथि कर्मचारी राज्य बीमा निगम ईएसआईसी के क्षेत्रीय निदेशक केसी झा ने कहा कि सीए पारंपरिक प्रैक्टिस के साथ ही उद्यमियों-व्यापारियों को सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दें। सामाजिक सुरक्षा, उत्पादन इकाइयों को मिलने वाली सब्सिडी, प्रोत्साहन योजनाएं बताएं। सेमिनार में असिस्टेंट कमिश्नर प्रबल कुमार, डीजीएफटी एसके निराला, यूनियन बैंक के जीएम राजेश कुमार ने भी विचार रखे। यहां पर चेयरमैन सीपीई सीए अंकुर गोयल, वैभव गुप्ता, जेपीएस भाटिया आदि मौजदूरहे।