कानपुर: काउंटर लगाने के विवाद में कारोबारी का सिर फोड़ा, पत्नी के कपड़े फाड़कर छेड़खानी, 8-10 युवकों पर आरोप
Kanpur News: कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवाला बाजार में हमलावरों ने कारोबारी को दुकान से घसीटकर धारदार हथियार से सिर फोड़ दिया और बचाने पहुंची पत्नी के कपड़े फाड़कर छेड़खानी की। बताया जा रहा है कि काउंटर लगाने को लेकर उपजे विवाद में वारदात हुई है।
विस्तार
कानपुर में कोतवाली थाना क्षेत्र के खास बाजार शिवाला में काउंटर लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि कल्लू कहार उर्फ कल्लू मास्टर ने अपने बेटे विशाल कश्यप और आठ से दस अन्य युवकों के साथ मिलकर कपड़ा कारोबारी और उनके परिवार पर हमला कर दिया। हमलावरों ने कारोबारी को दुकान के अंदर से घसीटकर बाहर निकाला और लाठी-डंडों व धारदार हथियार से सिर पर कई वार किए। पति को बचाने पहुंची पत्नी के साथ भी मारपीट और छेड़खानी की गई।
आरोप है कि हमलावरों ने उनके कपड़े तक फाड़ दिए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। प्राथमिकी के अनुसार, खास बाजार शिवाला स्थित अपार्टमेंट में कपड़े की दुकान है। अपार्टमेंट में राधिका ज्वैलर्स के संचालक केके यादव ने दुकान के बाहर सड़क पर कल्लू कहार का काउंटर किराये पर लगवा रखा है। 26 नवंबर की शाम करीब सात बजे दुकान पर एक छोटा लड़का कपड़े देने आया था। इसी दौरान कल्लू कहार अपने बेटे के साथ उससे गालीगलौज करने लगा।
सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए
विरोध करने पर दुकानदार महिला को भी अश्लील गालियां दीं। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद कल्लू कहार अपने बेटे विशाल कश्यप के साथ दोबारा पहुंचा। विशाल अपने साथ कैलाश मंदिर (बैसिया हाते) से आठ से दस युवकों को भी लेकर आया था। सभी ने एकराय होकर कारोबारी और उनके परिवार पर हमला कर दिया। परिवार ने 112 नंबर पर सूचना दी तो एक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचा। इसी दौरान आरोपियों ने कारोबारी को दुकान से घसीटकर बाहर निकाला और सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
इससे उनका सिर फट गया और गंभीर चोटें आईं। पति को बचाने पहुंची पत्नी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट और छेड़छाड़ की। आरोप है कि हमलावरों ने उनके कपड़े फाड़ दिए। पीड़िता के मुताबिक, मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मी ने घटना का वीडियो भी बनाया है। अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के जरिये भी घटना के साक्ष्य मिल सकते हैं। कोतवाली इंस्पेक्टर अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
