Kanpur: ब्लैकमेलिंग से आहत युवती ने फंदा लगाकर दी जान, जीजा बोला था- अश्लील फोटो कर दूंगा वायरल, जांच शुरू
Kanpur News: कल्याणपुर थाना क्षेत्र में अपनी बहन के ससुराल पक्ष के विवाद के चलते एक 19 वर्षीय युवती ने आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि जीजा ने मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने के लिए युवती को उसकी अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी दी थी, जिससे परेशान होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
विस्तार
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में जीजा की धमकियों से आहत युवती (19) ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि जीजा ने बहन से दर्ज मुकदमा वापस न लेने पर युवती की अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी दी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कल्याणपुर निवासी फर्नीचर व्यापारी ने बताया कि उनके चार बेटे और चार बेटियां हैं। मझली बेटी की शादी फर्रुखाबाद के कमालगंज निवासी युवक से हुई थी। करीब डेढ़ माह पहले दामाद ने उनकी बेटी के साथ मारपीट की थी। इस मामले में कल्याणपुर थाने में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी
परिजनों का आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से दामाद लगातार बड़ी और सबसे छोटी 19 वर्षीय बेटी को फोन कर धमकियां दे रहा था। आरोप है कि उसने छोटी बेटी से कहा था कि यदि उसकी बहन ने मुकदमा वापस नहीं लिया, तो वह उसकी अश्लील फोटो वायरल कर देगा। लगातार मिल रही धमकियों से युवती मानसिक रूप से बेहद परेशान रहने लगी थी।
परिजनों ने दामाद पर लगाए गंभीर आरोप
शनिवार सुबह युवती ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची कल्याणपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों ने दामाद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।