कानपुर: प्राइवेटकर्मी का पांडु नदी में मिला शव, छह दिन से चल रहा था लापता, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
Kanpur News: गुजैनी थाना क्षेत्र के मर्दनपुर निवासी 57 वर्षीय प्राइवेटकर्मी का छह दिन बाद शुक्रवार शाम पांडु नदी में शव मिलने से सनसनी फैल गई। वह 18 अक्तूबर की शाम साइकिल से सब्जी लेने निकले थे और रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए थे।
विस्तार
कानपुर में गुजैनी के मर्दनपुर निवासी श्री नारायण सिंह (57) का छह दिन बाद शुक्रवार शाम पांडु नदी में शव मिलने से हड़कंप मच गया। वह 18 अक्तूबर की शाम साइकिल से सब्जी लेने निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजन ने काफी तलाश के बाद 19 अक्तूबर को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। नदी में डूबने की आशंका पर पुलिस ने तीन दिन तक तलाश अभियान भी चलाया था, लेकिन उनका पता नहीं चला।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। श्री नारायण सिंह प्राइवेटकर्मी थे। परिवार में पत्नी शशि सिंह और दो बेटे सुखवीर सिंह व विनय सिंह हैं। उनके अचानक लापता होने के बाद से परिजन उनकी तलाश में जुटे थे। नदी में शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रेलिंग की मरम्मत कराने की मांग
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों ने घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच करे, ताकि नारायण सिंह की मौत की वजह स्पष्ट हो सके। वहीं, घटनास्थल के पास पुल की सुरक्षा रेलिंग को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। रेलिंग की मरम्मत कराने की मांग की गई है, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।