Kanpur: 24 से जनता के लिए खुलेगा बोट क्लब, 50 रुपये में लें बोटिंग का मजा, मिलेंगी ये सुविधाएं
23 दिसंबर को फाइनल ट्रायल के बाद बोट क्लब जनता के लिए खोल दिया जाएगा। यहां क्लब की गतिविधियों के बीच गंगा आरती के साथ लेजर शो के आयोजन भी नियमित होंगे। साथ ही, बच्चों के लिए फ्रीऔर बुजुर्गों को आधी छूट के साथ एंट्री होगी।
विस्तार
कानपुर में गंगा तट पर जलक्रीड़ा पर्यटन का आनंद 24 दिसंबर से लिया जा सकेगा। 23 को फाइनल ट्रायल के बाद अगले दिन इसे जनता के लिए खोल दिया जाएगा। यह फैसला बुधवार को मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर की अध्यक्षता में आयोजित बोट क्लब संचालन समिति की बैठक में लिया गया।
बोट क्लब का उद्घाटन नौ दिसंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। उसके बाद से यहां पर तैयारियां तेज कर दी गईं थी। मंडलायुक्त ने बताया कि निर्धारित दरों की अगले छह महीने बाद फिर से समीक्षा की जाएगी। बोट क्लब की गतिविधियों के बीच गंगा आरती के साथ लेजर शो के आयोजन भी नियमित होंगे।
साथ ही बनारस की तर्ज पर गंगा तट पर संगीत की महफिल भी होगी। उन्होंने बताया कि पूरे गंगा बैराज की सुरक्षा, बाढ़ और अन्य आपदाओं में त्वरित सहायता के लिए पीएसी की बाढ़ इकाई भी जल्द स्थापित की जाएगी। इसके चलते विजिटर्स सुरक्षा के बीच आनंद उठा सकेंगे।
बोट क्लब में खास
- बोट राइड, वाटर स्कूटर राइड, स्पीड मोटर बोट राइड के साथ, ड्रैगन बोट की सवारी।
- फूड कोर्ट, फोटोग्राफ प्वाइंट तथा टिकट काउंटर।
- साउंड सिस्टम के साथ, सुरक्षा तथा निगरानी के लिए 22 कैमरे।
- 20 सुरक्षागार्ड, एक बोट क्लब अधिकारी तथा सहायक बोट क्लब अधिकारी तैनात।
- बोट राइड के लिए बोट ड्राइवर व नदी सुरक्षा कर्मी लगाए गए।
- नदी क्षेत्र में लाइफ जैकेट के साथ ही जाने की अनुमति होगी।
यह होगा समय और दरें
- गर्मी में बोटिंग सुबह पांच से आठ बजे तक होगी। इसके लिए निर्धारित शुल्क 50 रुपये प्रति व्यक्ति दो घंटे के लिए होगा।
- ठंड में बोटिंग का समय सुबह छह से नौ बजे तक रहेगा।
- सुबह की सैर करने वालों के लिए यह सुविधा मासिक शुल्क के रूप में 600 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित की गई है।
- सामान्य स्थिति में सुबह नौ बजे से चार बजे तक का समय रखा गया है। इसका प्रवेश शुल्क 80 रुपये, प्रति दो घंटे के लिए होगा। इसके बाद अगले एक घंटे के लिए 50 रुपये शुल्क प्रति व्यक्ति अतिरिक्त लिया जाएगा।
- सूर्यास्त या रात्रिकालीन भ्रमण का समय शाम चार बजे से रात्रि 10 बजे तक रहेगा। इसका शुल्क प्रति दो घंटे के लिए 100 रुपये प्रति व्यक्ति होगा।
- बोट राइड तथा स्पीड बोट के लिए प्रति राइड प्रति व्यक्ति 175 रुपये।
- वॉटर स्कूटर राइड के लिए प्रति व्यक्ति 225 रुपये।
- पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए प्रवेश शुल्क मुक्त होगा।
- सीनियर सिटीजन (65 वर्ष से अधिक) के लिए आधा शुल्क लगेगा।
यहां से मिलेगा प्रवेश
प्रवेश के लिए सिंचाई विभाग परिसर के बाहर रेलवे स्टेशन के मॉडल के निकट बोट क्लब का मुख्य प्रवेश द्वार होगा, वहां, टिकट विंडो और पार्किंग की सुविधा दी गई है।