Kanpur: 10 हजार के उधार पर खूनी खेल, हिस्ट्रीशीटर ने अधिवक्ता के घर किया पथराव, वारदात CCTV में कैद, जांच शुरू
Kanpur News: गुजैनी इलाके में 10 हजार रुपये उधार वापस मांगना एक अधिवक्ता के परिवार को भारी पड़ गया। हिस्ट्रीशीटर पंकज ठाकुर ने अपने गुर्गों के साथ आधी रात अधिवक्ता के घर पहुंचकर जमकर पथराव किया। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
विस्तार
कानपुर के गुजैनी में 10 हजार रुपये वापस मांगना अधिवक्ता के परिवार को भारी पड़ गया। इससे खफा हिस्ट्रीशीटर अपने गुर्गों के साथ अधिवक्ता के घर पहुंचा और आधी रात जमकर पथराव किया। हैरानी की बात यह रही कि पुलिस को वारदात की भनक तक नहीं लगी। वारदात वहां लगे सीसी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने हिस्ट्रीशीटर समेत चार पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मर्दनपुर निवासी अधिवक्ता निखिल तिवारी ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनका छोटा भाई अखिल पतरसा स्थित डिग्री कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष का छात्र है। अखिल के मुताबिक करीब डेढ़ महीने पहले उसने गुजैनी निवासी हिस्ट्रीशीटर पंकज ठाकुर को 10 हजार रुपये उधार दिए थे। रुपये वापस मांगने पर पंकज ने कुछ दिन पहले उसे अंबेडकरनगर बुलाया। वहां उसके साथ जमकर मारपीट की।
वारदात की तस्वीरें और सीसीटीवी फुटेज वायरल
छह अगस्त की तड़के करीब तीन बजे हिस्ट्रीशीटर पंकज ठाकुर अपने साथी सनी गुप्ता और दो अज्ञात के साथ उनके घर पहुंचा। गालीगलौज करते हुए पथराव शुरू कर दिया। आसपास के लोगों के जागने और शोर मचने पर आरोपी मौके से भाग निकले। अब वारदात की तस्वीरें और सीसीटीवी फुटेज वायरल हुए।
आरोपियों की तलाश में जुटी टीमें
पुलिस के मुताबिक पंकज के खिलाफ गुजैनी, गोविंदनगर, बर्रा, अर्मापुर, पनकी और फजलगंज थानों में पॉक्सो एक्ट, हत्या के प्रयास, मारपीट, छेड़खानी, आबकारी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में करीब 15 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। डीसीपी साउथ दीपेंद्रनाथ चौधरी ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर ने साथियों के साथ अधिवक्ता के घर पर पथराव किया है। एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।