Kanpur: दो पक्षों में खूनी संघर्ष…नौ लोग गंभीर घायल, एक जमीन का बताया विवाद तो दूसरे ने रुपयों का लेनदेन
Kanpur News: महाराजपुर के मवैया गांव में दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया, जिसमें एक पक्ष के पांच और दूसरे पक्ष के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
कानपुर के सरसौल कस्बे में महाराजपुर थानाक्षेत्र के अंतर्गत मवैया गांव में शुक्रवार सुबह दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। घटना में एक पक्ष से पांच और दूसरे पक्ष के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक पक्ष ने विवाद का कारण जमीन से संबंधित बताया है, तो वहीं दूसरे पक्ष ने दुकान में पड़ी उधारी मांगना और पुरानी खुन्नस निकालने का आरोप लगाया है।
धीरेंद्र सिंह पुत्र राम सजीवन ने बताया मोहल्ले में रहने वाले सुरेंद्र सिंह और उनके पुत्रों दीपू सिंह, एवन सिंह, मनु सिंह, निर्भय सिंह, बंटे सिंह ने कुछ माह पूर्व होली के समय पिता रामसजीवन की परचून की दुकान से पांच हजार रुपये तक की उधारी लिए थे। उसको मांगने पर आरोपियों ने पिता के साथ मारपीट की थी और सिर फोड़ दिया था।
बेटे को घर से उठाने की दी धमकी
इसकी महाराजपुर थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन दबंगों के रसूख के आगे पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे उनके हौसले बुलंद हो गए। उसी बात की खुन्नस खाए आरोपियों ने कई बार मेरे बेटे अयांश लगभग पांच वर्ष को घर से उठाने तक की धमकी दी है। उसके डर से बेटे ने कोचिंग जाना बंद कर दिया है।
पुराने बगीचे को लेकर है खुन्नस
शुक्रवार सुबह भी बच्चे को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद दबंगों ने फावड़े, फरसे और कुल्हाड़ी से वार करते हुए मेरे भाई नरेंद्र, पत्नी अंजली, पिता राम सजीवन व भाई की पत्नी सबको बुरी तरह से पीट कर घायल कर दिया। वहीं, दूसरे पक्ष ने बताया कि हमारा एक पुराना बगीचा है, जिसमें कई हिस्सेदार हैं। कई बार तहसील में शिकायती पत्र दिया, जिसके बाद नाप कराई गई।
पुलिस ने दोनों पक्षों का कराया मेडिकल
उसी बात से खुन्नस बढ़ती गई और शुक्रवार सुबह इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। इसमें दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडों से वार करते हुए सुरेंद्र सिंह, निर्भय सिंह, अभय सिंह और मनु सिंह को घायल कर दिया है। महाराजपुर पुलिस द्वारा दोनों पक्षों का मेडिकल कराया गया है। थाना प्रभारी संजय कुमार पांडेय ने बताया अभी तक प्रार्थना पत्र नहीं मिला है। तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई होगी।