Kanpur: फ्लैट, दुकान, उद्योग और खेती की जमीन खरीद पर बड़ी राहत, 26 प्रतिशत काॅमन सुविधा शुल्क हुआ खत्म
Kanpur News: शुक्रवार से लागू नए सर्किल रेट में व्यावसायिक श्रेणी में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी स्वरूपनगर क्षेत्र में हुई है। यहां 76,000 रुपये प्रति वर्गमीटर से जमीन की दरें बढ़ाकर 1,20,000 रुपये प्रति वर्गमीटर कर दी गई हैं। हालांकि सबसे ज्यादा बढ़ोतरी के बाद भी स्वरूपनगर की जमीन बिरहाना रोड, पी.रोड से कम है।
विस्तार
कानपुर में जिला प्रशासन की ओर से घोषित किए गए जनपद के सर्किल रेट में फ्लैट, दुकान के अलावा उद्योगों व खेती की जमीन खरीदने पर छूट दी गई है। नए प्रावधानों के तहत बहुमंजिला फ्लैट में उसके निर्माण की अवधि के अनुसार छूट दी गई। इसी तरह पुराने बहुमंजिला भवनों को भी छूट के दायरे में रखा गया है। इससे घर और कारोबार के सपनों को पूरा करना अब पहले से ज्यादा आसान होगा। बताया गया है कि मकान के मूल्य निर्धारण में अब सीधे मकान की आयु के आधार पर छूट का प्रावधान किया गया है।
नौ साल बाद बीते साल बढ़ाए गए थे सर्किल रेट
शहर में वर्ष 2015 के बाद बीते साल सर्किल रेट बढ़ाए गए थे जबकि राजस्व वसूली का लक्ष्य हर साल बढ़ता जा रहा था। पिछले कई साल से 60 प्रतिशत से ज्यादा राजस्व की वसूली नहीं हो पा रही थी। इसे लेकर कई अफसरों पर कार्रवाई भी की गई थी। इसे देखते हुए पहले 30 प्रतिशत तक सर्किल रेट बढ़ाने का फैसला लिया गया था। अगस्त में जमीनों के रेट बढ़ने थे लेकिन प्रक्रिया शुरू होने के बाद तत्कालीन जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा था कि सर्किल रेट बढ़ाए जाने को लेकर 85 आपत्तियां आई हैं। उनके निस्तारण के बाद ही नए सर्किल रेट बढ़ाए जाएंगे। अंत में तय हुआ कि 20 प्रतिशत से अधिक सर्किल रेट नहीं बढ़ेंगे।
छूट के नए प्रावधान
- बहुमंजिल फ्लैट्स– निर्माण कीमत पर लगने वाले 26% कॉमन सुविधा शुल्क से मुक्ति।
- चार मंजिला भवन– 20 वर्ष से पुराने फ्लैट पर 30% से 60% तक छूट।
बड़े प्लाट पर छूट
- 1000 से 2000 वर्गमीटर: 20% छूट।
- 2000 से 3000 वर्गमीटर: 25% छूट।
- 3000 वर्गमीटर से अधिक: 30% छूट।
खेती की जमीन पर छूट
- 0.102 हेक्टेयर तक: खेती दर का 3 गुना।
- 0.102 से 0.205 हेक्टेयर तक: खेती दर का दोगुना।
दुकानों पर छूट
- आरसीसी/आरबीसी छत से अलग टीनशेड/गाटर पटिया दुकान: 25% सस्ती।
बहुमंजिला इमारतों में
- बेसमेंट, दूसरा-तीसरा तल: 10% छूट।
- चौथा-पांचवां तल: 15% छूट।
- छठे तल से ऊपर: 20% छूट।
- होटल-हॉस्पिटल समेत व्यावसायिक स्थल– 15% की छूट।
- गोदाम, वेयरहाउस, ढाबा, मनोरंजन पार्क– 20% छूट।
- औद्योगिक जमीन– 1000 वर्गमीटर से अधिक पर 40% छूट।
- सुविधा शुल्क से राहत– बहुमंजिला भवन की दुकानों पर 26% कॉमन सुविधा शुल्क खत्म।
व्यावसायिक के साथ कृषि भूमि में 46 फीसदी तक बढ़ीं दरें
सर्किल रेट में आवासीय, व्यावसायिक के साथ कृषि भूमि के दामों में भी बढ़ोतरी हुई है। रूमा क्षेत्र में 2.20 करोड़ रुपये हेक्टेयर (चार बीघा) से बढ़कर जमीन के दाम 2.86 करोड़ रुपये हेक्टेयर हो गए हैं। यानी एक बीघा जमीन की करीब 55 लाख से बढ़कर 71 लाख रुपये हो गई है। इसी तरह कटरी ख्योरा में 2.20 करोड़ रुपये हेक्टेयर से बढ़कर तीन करोड़ रुपये प्रति हेक्टेयर, ख्योरा कछार में 2.33 करोड़ से बढ़कर 3.30 करोड़, गुजैनी में 2.14 करोड़ से बढ़कर 2.88 करोड़, बिनगवां में 2.14 करोड़ से बढ़कर तीन करोड़, नानकारी में 2.60 करोड़ से बढ़कर 3.50 करोड़, सेन पूरब पारा में 69 लाख से बढ़कर 90 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर जमीन के दाम हो गए।
बढ़ोतरी में सबसे आगे लेकिन बिरहाना रोड से पीछे स्वरूपनगर
शुक्रवार से लागू नए सर्किल रेट में व्यावसायिक श्रेणी में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी स्वरूपनगर क्षेत्र में हुई है। यहां 76,000 रुपये प्रति वर्गमीटर से जमीन की दरें बढ़ाकर 1,20,000 रुपये प्रति वर्गमीटर कर दी गई हैं। यानी 44,000 रुपये प्रति वर्गमीटर की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि सबसे ज्यादा बढ़ोतरी के बाद भी स्वरूपनगर की जमीन बिरहाना रोड, पी.रोड से कम है। बिरहाना रोड के सर्किल रेट 32 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर का इजाफा होने के बाद 1,45,000 रुपये प्रति वर्गमीटर और पी.रोड के 34 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर का इजाफा होने के बाद 1,44,000 रुपये प्रति वर्गमीटर हो गए हैं।