Kanpur: बैराज प्लांट बंद, 10 लाख लोगों को पानी के संकट से जूझना पड़ेगा, इन मोहल्लों में होगी किल्लत
गंगा बैराज स्थित जल शोधन संयंत्र से सिटी से साउथ तक पानी की आपूर्ति करने वाली मुख्य पाइप लाइन विजय नगर चौराहे के पास और फजलगंज फायर स्टेशन के सामने टूट गई है। इस वजह से 17 से 19 तारीख तक सिटी से साउथ तक करीब 10 लाख लोगों को पानी संकट का सामना करना पड़ेगा।
विस्तार
कानपुर में जल निगम ने टूटी मुख्य पाइप लाइनों की मरम्मत के लिए शुक्रवार को गंगा बैराज स्थित जल शोधन संयंत्र बंद कर दिया। इस वजह से 17 से 19 तारीख तक सिटी से साउथ तक करीब 10 लाख लोगों को पानी संकट का सामना करना पड़ेगा। उधर, जलकल विभाग ने प्रभावित मोहल्लों में पानी के टैंकर नि:शुल्क भेजने की व्यवस्था की है।
गंगा बैराज स्थित जल शोधन संयंत्र से सिटी से साउथ तक पानी की आपूर्ति करने वाली मुख्य पाइप लाइन विजय नगर चौराहे के पास और फजलगंज फायर स्टेशन के सामने टूट गई है। जल निगम की बैराज इकाई के परियोजना प्रबंधक सुनील कुमार ने बताया कि शाम 6 बजे तक पानी की आपूर्ति करने के बाद बैराज स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद कर दिया गया।
विजय नगर और फजलगंज फायर स्टेशन के पास 1600 व्यास की मुख्य पाइप लाइन का पानी निकाला जाएगा। इसके बाद मरम्मत होगी। यह कार्य पूरा करने में तीन दिन लगेंगे। इस दौरान बैराज से सिटी और साउथ में पानी की आपूर्ति बंद रहेगी। लोगों से पानी का स्टाक करने की अपील की गई है।
इन मोहल्लों में होगी किल्लत
इटावा बाजार, कुरसवां, पटकापुर, हरवंश मोहाल, मोतीमोहाल, शास्त्री नगर, पांडु नगर, गीता नगर, काकादेव, विजय नगर, दादा नगर, गोविंद नगर, बर्रा, निराला नगर, जूही लाल कालोनी, जूही बम्बुरहिया, राखी मंडी, जूही गढ़ा, गोशाला, किदवई नगर आदि।
पानी के नि:शुल्क टैंकर के लिए डायल करें 05122549018
जलकल विभाग की तरफ से पानी संकट वाले मोहल्लों में पानी के टैंकर नि:शुल्क उपलब्ध कराने के बंदोबस्त किए हैं। जलकल विभाग के कार्यवाहक महाप्रबंधक केपी आनंद के अनुसार इस विभाग के कंट्रोल रूम के नंबर 05122549018 डायल कर पानी संकट की सूचना दी जा सकती है। वहां टैंकर भेजा जाएगा।