कानपुर: बर्रा 80 फीट रोड बनी 'यमराज का द्वार' जानलेवा गड्ढों के खिलाफ युवाओं ने यमराज बनकर किया अनोखा प्रदर्शन
Kanpur News: बर्रा छह की 80 फीट रोड पर महीनों से बने सैकड़ों गड्ढे बारिश के बाद राहगीरों के लिए मुसीबत बन गए हैं। पानी भरने से गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं और आए दिन दोपहिया वाहन सवार व ई-रिक्शा हादसे का शिकार हो रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सड़क की बदहाली के विरोध में युवाओं ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। एक युवक यमराज बनकर सड़क पर उतरा और हाथ में बैनर लेकर नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बने गड्ढों में गिरकर कई लोग चोटिल हो चुके हैं।
कई ई-रिक्शा भी पलट चुके हैं, जिससे उनमें सवार यात्री घायल हुए हैं। बारिश के बाद स्थिति और खराब हो गई है। गड्ढों में पानी भरने के कारण वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता।
लोगों ने खुद डाली गिट्टी-बालू, फिर भी नहीं सुधरी सड़क
क्षेत्रीय लोगों ने अपने स्तर पर गिट्टी और बालू डालकर कुछ गड्ढों को भरने की कोशिश की, लेकिन बड़े गड्ढे अब भी जस के तस हैं। युवा समाजसेवी अभिषेक यादव के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने कई बार नगर निगम अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
इससे नाराज युवाओं ने सड़क पर उतरकर नगर निगम के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान ‘यमराज का द्वार-ग्रैंड ओपनिंग’ का बैनर लगाया गया। एक युवक यमराज की वेशभूषा में सड़क पर चला और युवाओं ने पैदल मार्च करते हुए नगर निगम और नगर आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की।
नुक्कड़ नाटक में यमराज का संदेश
प्रदर्शन के दौरान नुक्कड़ नाटक के जरिए सड़क की बदहाली पर तंज कसा गया। यमराज के वेश में युवक ने कहा कि अगर गड्ढे जल्द नहीं भरे गए तो उसे यहां स्थायी रूप से रहना पड़ेगा और इंतजार करना पड़ेगा कि कब कौन गड्ढे में गिरकर हादसे का शिकार हो जाए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क के गड्ढों को नहीं भरा गया तो नगर निगम कार्यालय का घेराव कर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन में अभिषेक यादव, वैभव अवस्थी, दुर्गेश तिवारी, पीयूष अग्रहरि, गगन गुप्ता, सोनू पांडे, पारस त्रिपाठी, अमन राजपूत, सक्षम मिश्रा और अर्पित माथुर समेत कई युवा मौजूद रहे।