कानपुर: एथलेटिक्स टीम का चयन ट्रायल 26 को, प्रयागराज में होगी 61वीं स्टेट चैंपियनशिप, ऐसे कर सकते हैं अप्लाई
Kanpur News: 61वीं उत्तर प्रदेश जूनियर ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए कानपुर की जिला टीम का चयन ट्रायल 26 सितंबर को सुबह 10 बजे पंडित दीन दयाल विद्यालय, आजादनगर में होगा। चयनित खिलाड़ी चार से छह अक्टूबर तक प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
विस्तार
61वीं उत्तर प्रदेश जूनियर ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए कानपुर की टीम चुनने की कवायद शुरू हो गई है। इसके ट्रायल जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से 26 सितंबर सुबह 10 बजे से आजादनगर स्थित पंडित दीन दयाल विद्यालय में आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल में चयनित खिलाड़ी चार से छह अक्टूबर तक प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में होने वाली प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में कानपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे।
ट्रायल में अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18 और अंडर-20 आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। अंडर-14 और अंडर-16 वर्ग में निर्धारित स्पर्धाओं के अलावा ट्रायथलॉन ए, बी या सी में से किसी एक तथा किड्स जैवलिन थ्रो में प्रतिभाग करना अनिवार्य होगा। वहीं अंडर-16 वर्ग के पेंटाथलॉन के लिए भी खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
ये खिलाड़ी ट्रायल में भाग ले सकेंगे
आयु पात्रता के तहत अंडर-14 में 28 अक्टूबर 2012 से 27 अक्टूबर 2014, अंडर-16 में 28 अक्टूबर 2010 से 27 अक्टूबर 2012, अंडर-18 में 28 अक्टूबर 2008 से 27 अक्टूबर 2010 और अंडर-20 में 28 अक्टूबर 2006 से 27 अक्टूबर 2008 के बीच जन्मे खिलाड़ी ट्रायल में भाग ले सकेंगे।
समय पर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में हिस्सा लेने की अपील
जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अवैतनिक सचिव डॉ. नरेश कुमार चौधरी ने खिलाड़ियों से अपनी यूआईडी (यूनिक आइडेंटिफिकेशन) पहले से तैयार रखने को कहा है, ताकि ट्रायल स्थल पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जा सके। उन्होंने सभी पात्र खिलाड़ियों से समय पर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में हिस्सा लेने की अपील की है।