Kanpur: आशा कार्यकर्ताओं की हड़ताल का नहीं पड़ेगा असर, नर्सिंग छात्रों ने संभाली पल्स पोलियो अभियान की कमान
Kanpur News: शुक्लागंज में आशा कार्यकर्ताओं की हड़ताल के बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने 90 नर्सिंग छात्रों की मदद से पल्स पोलियो अभियान जारी रखा, जिसके तहत शुक्रवार को 3199 बच्चों को दवा पिलाई गई।
विस्तार
शुक्लागंज में आशा कार्यकर्ताओं की हड़ताल से पल्स पोलियो अभियान पर असर न पड़े, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने कवायद शुरू कर दी। एक प्राइवेट नर्सिंग कॉलेज के 90 छात्र-छात्राओं को अभियान से जोड़ा है। नर्सिंग कॉलेज की छात्र-छात्राओं को घर-घर भेज कर बच्चों को पोलियो की दवा पिलवाई जा रही है। शुक्रवार को 18 सुपरवाइजर और 225 वेक्सीनेटर मौजूद रहे। 3199 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई।
न्यू पीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश चंद्रा ने बताया कि शुक्रवार को पांचवें दिन भी आशा कार्यकर्ता अपनी मांगों के समर्थन में हड़ताल पर रहीं। पल्स पोलियो अभियान पर हड़ताल का असर न पड़े, इसलिए सिंगरौली स्थित एक्सेल स्कूल ऑफ नर्सिंग कालेज के 90 छात्र-छात्राओं को अभियान से जोड़ा गया है। उन्हें घर-घर भेजा जा रहा है और बच्चों को पोलिया की खुराक पिलाई जा रही है। अभियान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम के अलावा कई एनजीओ के लोग भी जुड़े है।
सीएचसी में नहीं हो रहे एक्सरे, मरीज परेशान
ठाकुरखेड़ा स्थित सीएचसी के एक्सरे टेक्नीशियन विमल कुमार को पल्स पोलियो अभियान से जोड़ दिया गया है। इसकी वजह से पांच दिनों से एक्सरे नहीं हो रहा। ऐसे में यहां एक्सरे कराने आने वाले मरीजों को बाहर से या फिर कई किलोमीटर का चक्कर लगाकर उन्नाव जिला अस्पताल जाना पड़ रहा है। रोजाना यहां 100 से 150 मरीजों की ओपीडी होती है, जिसमें से 20 से 25 एक्सरे रोज होते हैं।