कानपुर: अर्मापुर मेले में अमानवीयता, कार से खींचकर सड़क पर फेंकी बच्ची, मां को भी बेरहमी से पीटा, रिपोर्ट दर्ज
Kanpur News: अर्मापुर थाना क्षेत्र स्थित दशहरा मेले में शराब के नशे में धुत ठेकेदार और उसके साथियों ने चार साल की बच्ची को कार से खींचकर सड़क पर फेंक दिया। विरोध करने पर बच्ची की मां के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
विस्तार
कानपुर के अर्मापुर थाना क्षेत्र में दशहरा मेले में चार साल की बच्ची को कार से खींचकर सड़क पर फेंकने और उसकी मां से मारपीट के मामले में इकराम ठेकेदार और उसके साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि शराब के नशे में युवकों ने परिवार के साथ अभद्रता की और विरोध करने पर महिला को पीटा तथा जान से मारने की धमकी दी।
अर्मापुर स्थित केंद्रीय विद्यालय नंबर दो के कर्मचारी आवास निवासी गणेश की तहरीर के अनुसार, 20 अक्तूबर की रात करीब साढ़े नौ बजे वह पत्नी और चार व सात साल की दो बेटियों के साथ दशहरा मेला देखने गए थे। मेला गेट नंबर चार के पास इकराम ठेकेदार और उसके साथ मौजूद कुछ युवकों ने बदसलूकी शुरू कर दी।
मामले में प्राथमिकी दर्ज
आरोप है कि युवकों ने चार साल की बच्ची को कार से जबरन खींचकर सड़क पर फेंक दिया। बच्ची को बचाने के लिए मां ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप लगाया कि युवकों ने पुलिस में अपनी पहुंच होने की बात कहते हुए कार्रवाई की चुनौती भी दी। घटना के बाद गणेश सैनी ने अर्मापुर थाने में शिकायत की। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।