Kanpur: भूमाफिया गजेंद्र नेगी के खिलाफ एक और मुकदमा, फ्लैट और दुकान देने का झांसा देकर वसूले थे 69.50 लाख
Kanpur News: महाराजगंज जेल में बंद भू-माफिया गजेंद्र नेगी के खिलाफ कानपुर पुलिस ने 69.50 लाख रुपये की ठगी का नया मुकदमा दर्ज किया है( यह मामला आठ साल पुराने फ्लैट और दुकानों के सौदे से जुड़ा है।
विस्तार
कानपुर में महाराजगंज जेल में निरुद्ध भूमाफिया गजेंद्र सिंह नेगी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार को फ्लैट और दुकानों की बिक्री का झांसा देकर 69.50 लाख रुपये ठगने का एक और मामला दर्ज किया गया है। भूमाफिया ने दो दुकानें और एक फ्लैट देने के नाम पर धनराशि वसूली है। पुलिस कमिश्नर से न्याय की गुहार लगाने के बाद रिपोर्ट दर्ज हुई है।
फजलगंज थानाक्षेत्र के गढ़रियनपुरवा निवासी गुरु चरण सिंह ने पुलिस कमिश्नर को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि अक्टूबर 2016 में मित्र अतुल शर्मा के माध्यम से उनकी मुलाकात कैलाश विहार निवासी गजेंद्र सिंह नेगी से हुई थी। आरोप है कि नेगी ने केशवपुरम स्थित निर्माणाधीन बिल्डिंग में दो दुकानें और एक फ्लैट बेचने का झांसा दिया। डेढ़ वर्ष में निर्माण पूरा कर रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिलाते हुए 65 लाख रुपये नकद ले लिए।
वर्ष 2022 में भी पुलिस से शिकायत की गई थी
इसके बाद निर्माण लागत के नाम पर चार लाख रुपये नकद और 50 हजार रुपये आरटीजीएस के माध्यम से भी वसूले गए। पीड़ित का आरोप है कि तय समय बीतने के बावजूद न तो रजिस्ट्री कराई गई और न ही कब्जा दिया गया। नेगी लगातार टालमटोल करता रहा। पीड़ित ने बताया कि वर्ष 2022 में भी पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कुछ संपत्तियां कुर्क भी जा चुकी हैं
पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर करीब तीन साल बाद अब रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी गजेंद्र सिंह नेगी पहले से ही अन्य मामलों में महाराजगंज जेल में बंद है। उस रावतपुर थाने ने एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी कुछ संपत्तियां कुर्क भी जा चुकी हैं। रावतपुर थाना मनोज मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।