मां तुझे प्रणाम रैली: मोतीझील से शुरू हुई रैली…देशभक्ति के रंग में रंगा कानपुर, झांकियों ने सबको लुभाया
Kanpur News: अमर उजाला की मां तुझे प्रणाम रैली से पूरा शहर देशभक्ति के रंगों में सराबोर है। मोतीझील में सुबह 10 बजे ध्वजारोहण और राष्ट्रगान होने के साथ रैली को हरी झंडी दिखाई गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अमर उजाला मां तुझे प्रणाम की ओर से शुक्रवार को मोतीझील से रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कमांडर रेड ईगल ब्रिगेड स्टेशन कमांडर कानपुर, सेना मेडल ब्रिगेडियर शबरुल हसन ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि अमर उजाला पिछले 22वर्षों से मां तुझे प्रणाम रैली का भव्य आयोजन करके समाज में लोगों की देशभक्ति की भावनाओं को उजागर करने का काम कर रहा है। इसके बाद हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
झांकियों ने किया आकर्षित
रैली में सभी विभागों के अधिकारी शामिल हैं। सबसे आगे रथ पर भारत माता की प्रतिमा चल रही है। पीछे-पीछे ग्लाइडर्स इंडिया लिमिटेड (जीआईएल), आयुध पैराशूट निर्माणी, लघु शस्त्र निर्माणी, ट्रुफ कंफर्ट लिमिटेड (टीसीएल), आयुध उपस्कर निर्माणी (ओईएफ), स्कूल, सामाजिक संगठन व विभागों की झांकियां चल रही हैं। रैली का स्वागत जगह-जगह किया गया।
एयरोमॉडलिंग क्लब ड्रोन से फहराया गया तिरंगा
कानपुर एयरोमॉडलिंग क्लब की ओर से इस बार भी मोतीझील में ड्रोन के माध्यम से तिरंगा फहराया गया। आकाश में ऊंचाई तक जाकर ड्रोन से फूल भी बरसाए गए।
विभिन्न ग्रुप्स ने दी डांस की मनमोहक प्रस्तुतियां
रैली में देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सबका मन मोह लिया। इस अवसर पर कलानिधि डांस एकेडमी के कलाकारों, अपराजिता संस्था की महिलाओं और बच्चों ने शानदार नृत्य प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों ने जोश और उत्साह के साथ कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। साथ ही, स्वतंत्रता दिवस के पर्व को और भी यादगार बना दिया।
पहलगाम आतंकी हमले का प्रदर्शन
मां तुझे प्रणाम' रैली में देशभक्ति के साथ-साथ देश की चुनौतियों को भी दर्शाया गया। इसी कड़ी में, एक झांकी में पहलगाम में हुए आतंकी हमले का भावुक चित्रण किया गया। इस प्रदर्शन में कलाकारों ने पहलगाम आतंकी हमले के दौरान पीड़ितों और सुरक्षाबलों की स्थिति को दिखाया।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
मां तुझे प्रणाम' रैली में युवाओं और महिलाओं ने हाथों में पोस्टर लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कुछ लोगों ने प्लास्टिक की बोतलों से बनी पोशाक पहन रखी थी, जो प्लास्टिक प्रदूषण के प्रति जागरूकता फैला रही थी। पोस्टरों पर प्रकृति नहीं करेगी, तो हम भी नहीं करेंगे और नो टू प्लास्टिक जैसे नारे लिखे थे, जो प्रकृति को बचाने की अपील कर रहे थे।
अखंड हिंद फौज की देशभक्तिपूर्ण प्रस्तुति
रैली में अखंड हिंद फौज ने अपनी देशभक्तिपूर्ण प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। इस कार्यक्रम में बच्चों ने सुरक्षाबलों की वर्दी पहनकर एक शानदार प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुति में भारतीय सेना के पराक्रम और देश के प्रति समर्पण की भावना साफ नजर आ रही थी। दर्शकों ने बच्चों की इस प्रस्तुति की जमकर सराहना की।