Kanpur Accident: ट्राला ने बाइक सवारों को रौंदा, किशोरी की मौत और मौसेरा भाई-भाभी घायल, ग्रामीणों ने लगाया जाम
Kanpur News: सजेती के पड़री गांव के पास टोल बचाने के चक्कर में अंदरूनी रास्ते से जा रहे ट्राला ने बाइक सवार किशोरी को कुचल दिया। ग्रामीणों ने पुलिस और वाहन चालकों की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए ढाई घंटे तक सड़क जाम कर हंगामा किया।
विस्तार
कानपुर के घाटमपुर में सजेती थाना क्षेत्र के बरीपाल के पास टोल बचाने को अंदर से जा रहे ट्राला ने शुक्रवार की शाम साढ़े छह बजे बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक में पीछे बैठी किशोरी की मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहा मौसेरा भाई व उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने घटनास्थल पर जाम लगा दिया।
कानपुर देहात के कल्ला, पुखरायां निवासी राजेश सचान की बेटी राजा (16) अपने ननिहाल सिधौल आई थी। वह अपनी मौसी की बेटी की शादी में शामिल होने घाटमपुर आ रही थी। बाइक उसकी दूसरी मौसी का बेटा कानपुर देहात के बरौर थाना क्षेत्र के मुंडेरा निवासी प्रियांशु (25) चलाए हुए था। साथ में, प्रियांशु की पत्नी पूनम (22) भी बैठी थी।
गुस्साए ग्रामीणों ने लगा दिया जाम
जैसे ही बाइक बरीपाल से कुछ आगे पड़री गांव के पास पहुंची। तभी गाटर लादकर जा रहे ट्राला ने टक्कर मार दी, जिससे राजा की मौके पर मौत हो गई। वहीं, प्रियांशु व पूनम गंभीर रूप से घायल हो गए। पूनम को सीएचसी से हैलट रेफर कर दिया गया है। वहीं, हादसा होते ही गुस्साए ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। पुलिस को शव उठाने से मना कर दिया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
उनका आरोप था कि टोल टैक्स बचाने के चलते भारी वाहन पुलिस से साठगांठ कर अनूपुर से होकर परास निकलते हैं। इससे रोड तो पूरी तरह उखड़ ही गई है। वहीं आए दिन हादसे होते रहते हैं। थाना प्रभारी अनुज भारती ग्रामीणों को समझाते रहे। करीब ढाई घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर शव उठने दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।