Kanpur Accident: वृद्ध को आधा किमी घसीट ले गया लोडर, परिजनों का इंतजार करती रही पुलिस, उपचार न मिलने से मौत
रेलबाजार थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर रिटायर एयरफोर्स कर्मी के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। उनकी स्कूटी को तेज रफ्तार लोडर ने टक्कर मार दी। इसमें लोडर के पीछे का कुंडा उनकी बेल्ट में फंस गया था। इससे वो आधा किलोमीटर तक घिसटते चले गए।
विस्तार
दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में कार से युवती को 12 किमी तक व बांदा के मवई में ट्रक से स्कूटी सवार महिला को तीन किमी तक घसीटने की हृदयविदारक घटना को लोग भूले भी नहीं हैं। वहीं, शनिवार को रेलबाजार थाना क्षेत्र स्थित जीटी रोड पर भी हादसा हो गया।
बेकाबू डंपर ने जाजमऊ के डिफेंस कालोनी निवासी रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी सुशील कुमार सिंह (78) की स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध डंपर के पिछले हिस्से में फंसकर आधा किमी तक घिसटते चले गए। राहगीरों के शोर मचाने पर चालक डंपर छोड़कर भाग गया।
इधर, सूचना के आधे घंटे बाद पहुंची पीआरवी गंभीर हालत में वृद्ध को इलाज के बजाय पास में पड़े तख्त पर लिटाकर परिजनों का इंतजार करती रही। समय से उपचार न मिलने से उनकी मौत हो गई। उनके छोटे भाई अनिल कुमार सिंह ने बताया कि परिवार सुशील की पत्नी मालती देवी, बेटे पुष्पराज सिंह उर्फ चंदन, और बहू पूजा हैं।
बेकाबू लोडर से हुई टक्कर
वीआरएस लेने के बाद सुशील ट्रांसपोर्टनगर में चंदन मोटर्स के नाम से स्पेयर पार्ट्स की दुकान चलाते थे। शनिवार सुबह करीब 11 बजे वह स्कूटी से दुकान जा रहे थे। जीटी रोड स्थित रेलबाजार मोड़ के सामने सीओडी पुल की ओर से टाटमिल चौराहे की ओर जो रहे बेकाबू लोडर ने टक्कर मार दी।
राहगीरों के शोर मचाने पर चालक ने स्पीड और बढ़ा दी। लोडर के पीछे का कुंडा उनकी बेल्ट में फंस गया था, इससे वह लोडर में फंसकर घिसटते चले गए। उनके सिर पर लगा हेलमेट भी दूर जाकर गिर गया। इससे उनके कान से खून का रिसाव होने लगा।
उपचार न मिलने से हुई मौत
पुलिस ने पास मिले मोबाइल से उनकी पत्नी मालती देवी को सूचना दी। उनके बेटे पुष्पराज सिंह उर्फ चंदन ने बताया कि परिजनों को सूचना देने के बाद पुलिस काफी देर तक इंतजार करती रही। यदि सही समय से उपचार मिल जाता तो उनकी जान बच सकती थी। वृद्ध के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हेड इंजरी से मौत की पुष्टि हुई है।
मदद के बजाय, फोटो खींचते रहे लोग
पुलिस ने घायल सुशील कुमार सिंह को लहूलुहान अवस्था में सड़क किनारे पड़े तख्त पर लिटा दिया और परिजनों के आने का इंतजार करने लगी। हादसे के बाद मौके पर भीड़ लग गई, लेकिन न तो पुलिस ने और ही वहां खड़े लोगों ने अस्पताल पहुंचाने की तेजी दिखाई। लोग केवल मोबाइल में फोटो खींचते नजर आए।
पुलिस की संवेदनहीनता से एक रिटायर एयरफोर्स कर्मी की इलाज न मिल पाने के चलते सांसे उखड़ गईं। पुलिस ने लोडर को थाने में खड़ा करा लिया है। परिजनों का कहना है कि चंद कदम की दूरी पर अस्पताल होने के बाद भी पुलिस ने उन्हें ले जाकर इलाज कराने की जहमत नहीं उठाई। इससे उनमें नाराजगी रही।