Kanpur Accident: बेतरतीब सड़क पर अनियंत्रित हुई बाइक, पानी की टंकी से टकराई, भतीजे की मौत और चाचा गंभीर घायल
Kanpur News: किदवई नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात सड़क हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन इस घटना ने नगर निगम और पीडब्ल्यूडी के पैचवर्क दावों की पोल खोल दी है।
विस्तार
कानपुर के किदवई नगर थाना क्षेत्र में बारादेवी से नौबस्ता जाते समय पुरानी फूल मंडी के पास गुरुवार देर रात ऊंची-नीची बेतरतीब बनी सड़क पर उछलकर तेज रफ्तार बाइक सवार भतीजा और पीछे बैठे चाचा सामने बनी सीमेंटेड पानी की टंकी से टकरा गए। हादसे में बिना हेलमेट युवक के सिर में चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में मौके पर पहुंचे परिजनों ने को घायल चाचा को हैलट भिजवाया। वहीं, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम भेज दिया।
नौबस्ता के के ब्लॉक गोवर्धनपुरवा निवासी चंद्रशेखर हैलट में वार्ड बॉय हैं। उन्होंने बताया कि बेटा साहिल उर्फ गोरे (19) की नौबस्ता सीएनजी पेट्रोल पंप के सामने मैगी शॉप है। बताया कि गुरुवार रात करीब 11:30 बजे दुकान बंद करने के बाद साहिल धरीपुरवा निवासी मुंह बोले चाचा सिकंदर लाला के साथ परेड बिरयानी खाने के लिए गया था। रात 12:30 बजे के वह दोनों बाइक से बारादेवी चौराहे के पास पहुंचे थे। वहां से दूध खरीदने के बाद वह अपने घर जा रहे थे।
परिजन रो-रोकर बेहाल
अभी वह दोनों पुरानी फूलमंडी के पास पहुंचे ही थे कि एक मीट शॉप के सामने सड़क पर बेतरतीब पैचवर्क में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी सीमेंटेड पानी की टंकी में टकरा गई। हेलमेट न लगाए होने के कारण साहिल के सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों का कहना था कि अगर हेलमेट लगा होता और सड़क ठीक होती, तो हादसा न हुआ होता। घटना के बाद बड़े भाई अंकित, मां राधिका, बहन आरती बिलख पड़े।