Kanpur Accident: कार की टक्कर से बाइक सवार दादी की मौत, दादा व नाती गंभीर…परिजनों में मचा कोहराम
Kanpur News: महाराजपुर थाना क्षेत्र में कार की टक्कर से बाइक सवार दादी की मौत हो गई। वहीं, दादा व नाती गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका हैलट में इलाज चल रहा है।
विस्तार
कानपुर में महाराजपुर थानाक्षेत्र के नवोदयनगर स्थित राधे पेट्रोल पंप के सामने बेकाबू कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दादी की मौत हो गई जबकि दादा व नाती घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए हैलट में भर्ती कराया है जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सरसौल कस्बा निवासी 15 वर्षीय अमन बुधवार को अपने दादा रामपाल व दादी रामश्री (65) के साथ बाइक से फतेहपुर खजुहा एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। रास्ते में नवोदयनगर के पास स्थित श्री राधे पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल डलवाया। पेट्रोल भराकर जैसे ही कानपुर-फतेहपुर हाईवे पर चढ़ा, तभी ओवरब्रिज के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार वैगन आर कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे में बाइक पर बैठे दादा व दादी उछलकर दूर जा गिरे। वहीं, अमर बाइक समेत सड़क पर गिर गया। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को सरसौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। डॉक्टरों ने तीनों की हालत गंभीर देखते हुए हैलट रेफर कर दिया। हैलट जाते वक्त रामश्री ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना जब घर पहुंची, तो वहां कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।