Kanpur Accident: अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की दर्दनाक मौत, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Kanpur News: सोमवार देर रात जाजमऊ गंगा पुल पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
विस्तार
कानपुर में जाजमऊ गंगा पुल पर उन्नाव की ओर जाते हुए बाइक सवार दो युवकों को किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई । सूचना पर जाजमऊ पुलिस और जाजमऊ गंगा कोतवाली पुलिस पहुंची। पुलिसकर्मी युवकों को लेकर कांशीराम अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही, उनके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। जाजमऊ थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि सोमवार रात करीब डेढ़ बजे एक बाइक से दो युवक उन्नाव की ओर जा रहे थे। इस दौरान उन्हें पीछे से कोई अज्ञात भारी वाहन टक्कर मारकर भाग निकला।
बाइक समेत लहूलुहान पड़े थे युवक
इस जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां दोनों सड़क पर बाइक समेत लहूलुहान पड़े थे। उन्हें कांशीराम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत पहले ही हो चुकी थी। डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। उनकी पहचान उन्नाव के अचलगंज के खन्ना पुरवा निवासी सौरभ (20) और अंकित (19) के रूप में हुई है। दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही, परिजनों को सूचना दे दी गई है।