Kanpur: सेंट्रल स्टेशन के वेटिंग रूम का एसी फेल, लोग बोले- एक्स पर रेल मंत्री से की थी शिकायत…तब हुई मरम्मत
Kanpur News: यात्रियों ने बताया कि वह सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर बने एसी वेटिंग रूम में ट्रेनों का इंतजार कर रहे थे। यहां दस रुपये प्रति यात्री किराया पड़ता है। दोपहर करीब एक बजे एसी ने काम करना बंद कर दिया। भीषण गर्मी में लोग परेशान हो गए।
विस्तार
भीषण गर्मी में मंगलवार को कानपुर सेंट्रल स्टेशन के वेटिंग रूम का एसी फेल हो गया। ट्रेन के इंतजार में बैठे यात्री गर्मी में परेशान हुए तो सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर ट्वीट कर रेल मंत्री से शिकायत की। करीब तीन घंटे बाद एसी ठीक किया गया।
यात्रियों ने बताया कि वह सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर बने एसी वेटिंग रूम में ट्रेनों का इंतजार कर रहे थे। यहां दस रुपये प्रति यात्री किराया पड़ता है। दोपहर करीब एक बजे एसी ने काम करना बंद कर दिया। भीषण गर्मी में लोग परेशान हो गए।
एक्स पर पोस्ट कर रेल मंत्री से की शिकायत
रेलवे अधिकारियों से शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। कुछ यात्री तो वेटिंग हॉल से बाहर भी निकल आए, लेकिन वहां भी वह गर्मी में तपते रहे। वेटिंग रूम में बैठकर ट्रेन का इंतजार कर रहे मो. आरिफ ने एक्स पर पोस्ट कर रेल मंत्री से इस संबंध में शिकायत की। इसके बाद एसी की मरम्मत की गई।
जम्मू मेल के सेंकेड एसी में यात्री उबले
20433 सूबेदारगंज-कटरा जम्मू मेल के सेकंड एसी कोच ए-टू का एसी भी खराब हो गया। यात्री तौफीर अहमद ने ट्रेन अटेंडेंट से शिकायत की पर सुनवाई नहीं हुई। इस पर उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर शिकायत की। सूबेदारगंज से चलकर ट्रेन फतेहपुर होते हुए गोविंदपुरी स्टेशन करीब 1.20 बजे पहुंची। यहां एसी ठीक किया गया और 20 मिनट बाद ट्रेन रवाना की गई। इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।