Kanpur: टोयोटा शोरूम से 59 लाख चुराए, गांव में कराया भंडारा, 12 लाख की कराई एफडी, दो शातिर गिरफ्तार
कानपुर में टोयोटा शोरूम से चार जून को 59 लाख रुपये चुराने वाले दो शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पनकी स्थित कीया शोरूम समेत कई शोरूम में चोरी की बात कबूल की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में रूमा के टोयोटा शोरूम से चार जून को 59 लाख रुपये चुराने वाले प्रतापगढ़ के अंतरराज्यीय गैंग के दो शातिर चोरों को महाराजपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चोरी के बाद दोनों गांव पहुंचे और रकम आधी-आधी बांटी। इसके बाद गांव में चोरी की रकम से भंडारा और डांस कार्यक्रम करवाया। उधारी भी चुकाई। एक शातिर ने अपनी बहन के नाम 12 लाख रुपये की एफडी भी करा दी।
पुलिस ने दोनों के पास से 28 लाख रुपये नकद और एफडी के कागजात बरामद किए हैं। आरोपियों ने पनकी स्थित कीया शोरूम समेत कई शोरूम में चोरी की बात कबूल की है। पुलिस कमिश्नर ने खुलासा करने वाली टीम को एक लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है। डीसीपी पूर्वी शिवाजी शुक्ला ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर बताया कि पुलिस ने मुखबिर की सूचना और सर्विलांस के जरिये प्रतापगढ़ के नवाबगंज कुम्हारन का पुरवा निवासी श्यामू उर्फ राजेश मौर्या और रंजीत प्रजापति को रूमा स्थित वर्ल्ड स्कूल के पास से गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर 28 लाख 32 हजार कैश और 12 लाख, 53 हजार, 351 रुपये की एफडी के पेपर, दो तमंचे, पेचकस, प्लास और कटर मशीन बरामद की है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पूछताछ में रंजीत ने बताया कि वह मोटर मैकेनिक है। उसने पिछले साल गांव के ही रहने वाले श्यामू के साथ गुरुग्राम के मानेसर स्थित प्लेटिना मोटोकॉर्प कंपनी के शोरूम में चोरी की थी। पुलिस ने दोनों को जेल भेजा था। हाल में जेल से छूटने के बाद एक जून को चकेरी के श्यामनगर में आकर रुके थे। इसके बाद कानपुर-प्रयागराज हाईवे के किनारे के शोरूमों की रेकी की। चार जून की रात श्यामनगर से टेंपो में बैठकर रूमा पहुंचे। वारदात को अंजाम देने के बाद गांव चले गए।
श्याम ने बताया कि उधारी चुकाने और भंडारा आदि के बाद बचे रुपये की बहन के नाम से एफडी कर दी। दोनों ने गांव में मकान बनवाया था। इसकी वजह से बिल्डिंग मैटीरियल वाले की उधारी हो गई थी। इसके अलावा यारबाजी में भी हजारों रुपये खर्च किए। पुलिस ने रंजीत के पास से पांच लाख नकद और एफडी के पेपर बरामद किए। श्यामू के पास से 23.32 लाख रुपये नकद मिले हैं।
टोयोटा और पनकी के कीया शोरूम में चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गैंग के अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। सुराग मिलता है तो उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।- शिवाजी शुक्ला, डीसीपी पूर्वी