Kanpur: छात्र से 25 हजार रंगदारी मांगी, दहशत में जहरीला पदार्थ खाकर दी जान, परिजन बेहाल…आरोपी गिरफ्तार
Kanpur News: रावतपुर में 12वीं के छात्र ने इंस्टाग्राम के दोस्त द्वारा 25 हजार रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी दिए जाने से डरकर जहरीला पदार्थ खा लिया। इसमें इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्जकर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
कानपुर के रावतपुर में 12वीं के छात्र से दबंग ने 25 हजार रुपये रंगदारी मांगी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। दहशत में छात्र ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उसे लेकर हैलट अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एकलौते बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। घरवालों ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसे शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
विनायकपुर के राजीव नगर निवासी जितेंद्र सिंह प्रापर्टी डीलर हैं। उनका एकलौता बेटा अभिषेक सिंह (21) राधेकृष्ण इंटर कालेज से 12वीं का छात्र था। अभिषेक पढ़ाई के साथ सागर मार्केट में मोबाइल रिपेयरिंग का काम सीख रहा था। पिता ने बताया कि अभिषेक की दो साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए गोपाला टॉवर निवासी अंकित तिवारी से दोस्ती हुई। वह बेटे से 25 हजार रुपये रंगदारी मांग रहा था।
रास्ते में ही उसने जहरीला पदार्थ लिया
गुरुवार दोपहर में भी अंकित ने बेटे को फोन कर रुपये मांगे थे। बेटे ने मना किया, तो अंकित ने उससे गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। अभिषेक उसकी धमकियों से डर गया और मां माधुरी को फोन कर पूरी बात बताई। पिता के अनुसार गुरुवार को भी बेटा सागर मार्केट गया था, लेकिन धमकियों से डरकर वहां से निकल पड़ा। रास्ते में ही उसने जहरीला पदार्थ लिया और गुरुदेव के पास खाकर घर पहुंचा।
तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज
उसकी मां ने उसे लड़खड़ाते देख कारण पूछा, जिस पर उसने जहर खाने की जानकारी दी। यह सुनकर परिजन दंग रह गए और तत्काल उसे लखनपुर के नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। वहां से डॉक्टरों ने हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। हैलट में इलाज के दौरान बेटे ने दम तोड़ दिय। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से जानकारी ली। थाना प्रभारी मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।