Kanpur: हैलट के नए सर्जरी ब्लॉक में रहेंगे 20 प्राइवेट रूम, चार मंजिल का बनेगा ब्लॉक…छह बेड का एचडीयू भी रहेगा
Kanpur News: प्राचार्य डॉ. संजय काला ने बताया कि इस ब्लॉक को प्रस्तावित सौ बेड के आईसीयू से जोड़ा जाएगा। ब्लॉक का भवन बनाने के लिए कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी राजकीय निर्माण निगम को दी गई है।
विस्तार
कानपुर में हैलट के न्यू सर्जरी एकेडमिक ब्लॉक में रोगियों को प्राइवेट कमरों की भी सुविधा मिलेगी। इसके लिए नए सर्जरी ब्लॉक का सोमवार शाम भूमि पूजन हुआ। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला ने बताया कि नए ब्लॉक में छह बेड की हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) भी होगी। पांच करोड़ रुपये से बनने वाला नया ब्लॉक चार मंजिला होगा।
इसे पूरा होने में दो साल का समय लगेगा। नए ब्लॉक में 20 प्राइवेट रूम रहेंगे। अभी बहुत से रोगी हैलट में इलाज कराना चाहते हैं, लेकिन प्राइवेट रूम न होने पर निजी अस्पताल जाते हैं। ऐसे रोगियों के लिए अब आसानी हो जाएगी। इसके अलावा एमबीबीएस के छात्रों और रेजीडेंट डॉक्टर के लिए अलग स्किल लैब बनाई जाएगी। साथ ही लेक्चर थिएटर भी होगा।
राजकीय निर्माण निगम को दी गई है जिम्मेदारी
नए ब्लॉक में एक ऑपरेशन थिएटर भी रहेगा। सर्जरी और एनेस्थेसिया विभाग के डॉक्टरों के लिए चैंबर भी बनाए जाएंगे। इस ब्लॉक को प्रस्तावित सौ बेड के आईसीयू से जोड़ा जाएगा। ब्लॉक का भवन बनाने के लिए कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी राजकीय निर्माण निगम को दी गई है। भूमि पूजन के मौके पर न्यूरो साइंसेस प्रमुख डॉ. मनीष सिंह, सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. आरके मौर्या तथा अन्य स्टाफ मौजूद रहा।