कन्नौज: अवैध पटाखा फैक्टरी में जोरदार धमाका, मकान क्षतिग्रस्त और एक गंभीर रूप से झुलसा, जांच में जुटी पुलिस
Kannauj News: छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बहवलपुर में मंगलवार सुबह अवैध पटाखा फैक्टरी में भीषण धमाका हो गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि मकान की छत क्षतिग्रस्त हो गई और 55 वर्षीय कारीगर गंभीर रूप से झुलस गया। उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर किया गया है।
विस्तार
कन्नौज जिले में छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बहवलपुर में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शिवकुमार भुर्जी के मकान के समीप टीन मे चल रही अवैध पटाखा बनाने की इकाई में भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास का इलाका दहल उठा और मकान की छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में पटाखा बना रहा कारीगर बुरी तरह झुलस गया, जिसे गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज, तिर्वा रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, बहवलपुर निवासी शिवकुमार भुर्जी के घर पर सुबह करीब 11:00 से 11:30 बजे के बीच अवैध आतिशबाजी (बारूद गोला) बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक बारूद में विस्फोट हो गया। धमाके की तेज आवाज सुनकर गांव में भगदड़ मच गई और ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़े। मौके पर देखा गया कि मकान छत-विक्षत हो चुका था और आतिशबाजी बना रहा कारीगर शिवकुमार चक्रवर्ती (55) पुत्र दुआरिका चिक निवासी बहवलपुर आग की लपटों में झुलसकर तड़प रहा था।
घायल को 100-शैय्या अस्पताल भिजवाया
ग्रामीणों की मदद से झुलसे हुए शिवकुमार चक्रवर्ती को तत्काल 100-शैय्या अस्पताल भिजवाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत बेहद गंभीर देखते हुए उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा के लिए रेफर कर दिया। घायल शिवकुमार के परिवार में पत्नी फूलवती देवी, दो बेटे अक्षय और सूरज) तथा दो बेटियां तनु और सोनू हैं। घटना की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी मयंक मिश्रा और तहसीलदार अभिनव वर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
अवैध आतिशबाजी व बारूद को कब्जे में ले लिया
इसके बाद एडिशनल एसपी और फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मकान मालिक शिवकुमार सक्सेना को हिरासत में ले लिया है और घर के भीतर से बरामद भारी मात्रा में अवैध आतिशबाजी व बारूद को कब्जे में ले लिया है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी आतिशबाजी बनाने के दौरान दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद अवैध कारोबार धड़ल्ले से चल रहा था। घटना के बाद आरोपी के घर के बाहर भाजपा नेता का बोर्ड लगा भी देखने को मिला है