कन्नौज: बिजली विभाग की खुदाई बनी मुसीबत, फटी पीएनजी पाइपलाइन, 10 फीट ऊंचा उठा गैस का फव्वारा, टला बड़ा हादसा
Kannauj News: कन्नौज में बिजली विभाग की लापरवाही के कारण 33 केवी लाइन बिछाते समय जेसीबी से पीएनजी पाइपलाइन फट गई, जिससे 10 फीट ऊंचा गैस का फव्वारा छूटने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासन ने पीएनजी सप्लाई बंद कराकर स्थिति पर काबू पाया।
विस्तार
कन्नौज जिले में बिजली विभाग और जेसीबी की जुगलबंदी एक बार फिर हादसों को न्योता देती नजर आई। 33 केवी लाइन बिछाने का काम चल रहा था। तभी जेसीबी का पंजा जमीन में ऐसा धंसा कि सीधे पीएनजी (गैस) की अंडरग्राउंड पाइपलाइन से जा टकराया। फिर क्या था- एक तेज धमाका हुआ।
चंद सेकंड में जमीन से 10 फीट ऊंचा गैस का फव्वारा (धुआं) आसमान की तरफ छूटने लगा। घटना शहर के कन्नौज रोड सदर ब्लॉक के इलाके की है। गैस के रिसाव और जोरदार आवाज से आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। आनन-फानन में स्थानीय निवासियों ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को खबर दी।
अफसरों के हाथ-पांव फूले, बंद कराई गई सप्लाई
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। हालात की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पीएनजी कंपनी के कंट्रोल रूम से संपर्क कर मुख्य सप्लाई को बंद कराया गया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। गनीमत यह रही कि गैस ने आग नहीं पकड़ी, वरना एक बहुत बड़ा हादसा हो सकता था।
चेतावनी बोर्ड को अंगूठा, बिना सूचना चला दी जेसीबी
पूरे शहर में पीएनजी पाइपलाइन बिछी हुई है और जगह-जगह चेतावनी के नोटिस बोर्ड लगे हैं। इन पर साफ लिखा है कि "खुदाई से पहले पीएनजी विभाग को सूचित करना अनिवार्य है।" इसके बावजूद बिजली निगम के जिम्मेदार अफसरों ने पीएनजी कंपनी को इत्तला देना मुनासिब नहीं समझा। अंधी खुदाई का नतीजा यह हुआ कि पूरे इलाके की सांसें कुछ देर के लिए अटक गईं।
पहले भी हो चुका है ऐसा कारनामा
यह कोई पहला मौका नहीं है जब शहर में ऐसी लापरवाही देखने को मिली हो। इससे पहले गोल कुआं चौराहे के पास भी नाले की सफाई के दौरान जेसीबी चालक ने पीएनजी पाइपलाइन फाड़ दी थी। उस वक्त भी शहर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। लगातार होती इन घटनाओं से सवाल उठता है कि आखिर बार-बार चेतावनी के बावजूद बिना तालमेल के इस तरह जानलेवा खुदाई कब तक चलती रहेगी?