Kannauj: पत्नी पर झोंका फायर...फिर पति ने खुद को मारी गोली, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Kannauj News: सदर कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर तारा बांगर गांव में पति ने पत्नी पर तमंचे से फायर कर दिया। इसके बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना में निशाना चुकने से पत्नी की जान बच गई।
विस्तार
कन्नौज जिले में बुआ के घर आई पत्नी पर पति ने तमंचे से फायर कर दिया। निशाना चूकने से वह बच गई, जिसके बाद छत पर जाकर खुद के गोली मार ली। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव सलेमपुर तारा बांगर में शनिवार सुबह करीब 11 बजे का है। क्षेत्र के गांव बंधवा का रहने वाला अमित पाल (30) कोतवाली क्षेत्र के ही सलेमपुर तारा बांगर गांव पत्नी की बुआ के घर पहुंचा था। पत्नी उससे हुए विवाद के बाद एक महीने से यहां रह रही थी।
रविवार को फिर दोनों में विवाद हो गया। तैश में आकर उसने तमंचे से पत्नी विमलेश पर फायर झोंक दिया। हालांकि गोली कपड़ों को छूती हुईं निकल गई और वो बाल-बाल बच गई। इसके बाद अमित गुस्से में छत पर पहुंच गया और अपनी कनपटी पर तमंचा रखकर खुद को गोली मार ली।
315 बोर का तमंचा और कारतूस का खोखा बरामद
गोली लगते ही वह वहीं गिर गया। चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। मामले की सूचना पर सीओ कमलेश कुमार, सदर कोतवाल विष्णुकांत तिवारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा और कारतूस का खोखा बरामद किया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। सीओ सिटी कमलेश कुमार ने बताया प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला सामने आ रहा है। मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।