Kannauj: नाले में पड़ा मिला युवक का शव, पार्टी में जाने की बात कहकर निकला था, पिता बोले- शराब का आदी था
Kannauj News: छिबरामऊ के केशव नगर निवासी युवक का शव नाले में पड़ा मिला है। वह रात को पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकला था और अपने पिता का इकलौता सहारा था।
विस्तार
कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में घर से पार्टी में जाने की कहकर निकले युवक का शव रिलायंस पेट्रोल पंप के पास सुबह नाले में पड़ा मिला है। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। शव को देखकर वहीं खड़े कुछ लोगों ने इसकी पहचान आकाश दुबे के रूप में की। पुलिस ने पश्चिमी बाईपास के पास मोहल्ला केशव नगर निवासी आकाश के पिता बबलू दुबे को बुलाया।
शव देखकर वो रोने लगे, उन्होंने बताया कि आकाश रात में घर से पार्टी में जाने की कहकर गया था। वह शराब का आदी था। आकाश पूर्वी बाईपास पर इलेक्ट्रिक की दुकान पर सेल्स मैन था। उसकी माता का स्वर्गवास हो चुका है और उसके कोई भाई-बहन नहीं है। पिता के साथ रहता था और उसकी शादी नहीं हुई थी। कोतवाल विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि घटना की जांच कराई जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।