कन्नौज स्टेशन पर निर्माणाधीन लिंटर गिरा: 40 से अधिक मजदूर दबे, आठ की हालत गंभीर
Kannauj News: अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत निर्माणाधीन रेलवे स्टेशन का लिंटर भरभरा कर गिर गया। हादसे में 40 से अधिक मजदूर दब गए। आठ मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
विस्तार
रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हो रहे निर्माण कार्य के दौरान लिंटर डालते समय शटरिंग टूट गई, जिसमें 40 से अधिक मजदूर दब गए। मलबे से 23 लोगों को निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से आठ की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीन की हालत नाजुक होने पर केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया है। अभी मलबे में और भी मजदूर दबे होने की आशंका है, जिसके चलते राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है। मौके पर समाज कल्याण मंत्री समेत आला अधिकारी डटे हुए हैं।
शनिवार दोपहर रेलवे स्टेशन पर नवीन स्टेशन के लिए बनाए गए ढांचे पर लिंटर डाला जा रहा था। दोपहर 2:20 बजे के करीब शटरिंग टूटने से लिंटर भरभराकर गिर गया। लिंटर के ऊपर खड़े मजदूर नीचे गिरगए और कई लोग मलबे में दब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को मलबे से बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि हादसे की जांच के लिए तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया गया है। जांच टीम में मुख्य इंजीनियर प्लानिंग एवं डिजायन, अपर मंडल रेल प्रबंधक व मुख्य सुरक्षा आयुक्त को शामिल किया गया है। हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूरों को 2.50 लाख रुपये और मामूली घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। देर शाम को पूर्वोत्तर रेलवे की डीआरएम वीणा सिन्हा रेलवे स्टेशन पर पहुंच गईं और निरीक्षण किया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.