Kanpur: चलती ट्रेन से सराफा कारोबारी के 18 लाख के जेवर चोरी, जीआरपी ने पीड़ित को टरकाया…दो दिन बाद रिपोर्ट दर्ज
Kanpur News: पीड़ित ने बताया कि भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक विनोद गुप्ता के साथ पहुंचने पर जीआरपी ने केस दर्ज कर दिया। इंस्पेक्टर ओएन सिंह ने बताया कि कारोबारी की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर चोरी गए बैग की तलाश के लिए टीम को लगाया है।
विस्तार
मंडुआडीह-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस से हापुड़ के सराफा कारोबारी आनंद कुमार सोनी का का जेवरात से भरा बैग चोरी हो गया। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पार होने पर व्यापारी को इसकी जानकारी हुई। टुंडला स्टेशन पर आरपीएफ जवानों ने उन्हें गाजियाबाद जीआरपी भेजा, वहां से उसे टरका दिया गया। कानपुर लौटे व्यापारी ने दो दिन बाद जीआरपी में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
बैग में करीब 18 लाख के जेवर थे। आनंद ने बताया कि वह 10 मार्च को वाराणसी गए थे। काम निपटाकर रात 11 बजे वह ट्रेन से वापस लौट रहे थे। एम-टू कोच में 12 नंबर सीट थी और उसी पर बैग रखा था।करीब 200 ग्राम वजन की चूड़ियां व नाक के फूल बिक्री न होने पर वह वापसी ले जा रहे थे, जिनकी कीमत करीब 18 लाख रुपये थी। रात करीब 12:45 बजे उनकी आंख लग गई। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पार होन के बाद उनकी नींद खुली तो बैग गायब था।
बैग की तलाश के जुटी टीम
घटना की जानकारी कोच स्टाफ को दी और 139 डायल कर रेलवे अधिकारियों को बताया। हालांकि भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक विनोद गुप्ता के साथ पहुंचने पर जीआरपी ने केस दर्ज कर दिया। इंस्पेक्टर ओएन सिंह ने बताया कि कारोबारी की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर चोरी गए बैग की तलाश के लिए टीम को लगाया है।