Jalaun: मिट्टी से भरी ट्रॉली पलटी, युवक की दबकर मौत, सड़क किनारे उगी झाड़ियां बनीं वजह, परिवार में मचा कोहराम
Jalaun News: पिरौना-जागेश्वर मार्ग पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलटने से एक युवक की दबकर मौत हो गई। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। ग्रामीणों ने सड़क किनारे की झाड़ियों को हादसों का प्रमुख कारण बताया है।
विस्तार
जालौन में एट थाना क्षेत्र के पिरौना-जागेश्वर मार्ग पर शनिवार सुबह दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर चालक युवक की ट्रॉली के नीचे दबकर मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पिरौना निवासी धर्मेंद्र यादव उर्फ गोलू (27) ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर के लिए मिट्टी लेने गया था।
मिट्टी भरकर वापस लौटते समय वह पिरौना-जागेश्वर मार्ग पर माइनर के पास पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में उसने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया। मिट्टी से भरी ट्रॉली सड़क किनारे खेत में पलट गई और चालक धर्मेंद्र उसके नीचे दब गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने परिजनों को सूचना दी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
परिजन गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। धर्मेंद्र की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बताया गया कि वह अपने पिता भारत यादव का इकलौता पुत्र था। जवान बेटे की असमय मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने पर पिरौना चौकी प्रभारी ब्रजेश कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया सामने से आ रहे वाहन को बचाने के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होने से हादसा हुआ प्रतीत होता है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सड़क किनारे झाड़ियां बन रहीं हादसों की वजह
ग्रामीणों का कहना है कि पिरौना से जागेश्वर धाम जाने वाली सड़क के दोनों ओर उगी कंटीली झाड़ियां दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन रही हैं। झाड़ियों के कारण सामने से आने वाले वाहन समय रहते दिखाई नहीं देते, जिससे अक्सर हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क किनारे की झाड़ियों की सफाई कराने और मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है।