Jalaun: लाखों के पाइप चोरी का खुलासा, 10 आरोपी गिरफ्तार, दो ट्रक व एक कार बरामद
एएसपी असीम चौधरी ने बताया कि राजेंद्र नगर निवासी राजेश सिंह सेंगर ने 31 अगस्त को शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 30 अगस्त की रात मेडिकल कॉलेज के पास से चोरों ने 25 लाख कीमत के लोहे के पाइप चोरी कर लिए थे। पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
उरई में पुलिस ने सोमवार को करीब तीन माह पहले राजेंद्र नगर में हुई लाखों के लोहे के पाइप की चोरी की वारदात को खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से पुलिस ने चोरी के पाइपों के अलावा दो ट्रक और एक कार भी बरामद की है।
एएसपी असीम चौधरी ने मंगलवार को पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता में बताया कि राजेंद्र नगर निवासी राजेश सिंह सेंगर ने 31 अगस्त को शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 30 अगस्त की रात मेडिकल कॉलेज के पास से चोरों ने 25 लाख कीमत के लोहे के पाइप चोरी कर लिए थे। खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस व कोतवाली टीम को लगाया था। टीम ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार को उरई जालौन मार्ग पर स्थित सातमील वेयर हाउस से हाथरस के सासनी, नगला भूरा निवासी जाबुद्दीन, फहीमुद्दीन, इब्राहीम, शानुद्दीन, तयूब, रिजवान, कलुवा, गुड्डू, साजिद और हरियाणा के पलवल कैंप के प्रकाश कालोनी निवासी गौरव को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए 25 लोहे के 130 पाइप, दो ट्रक, एक कार बरामद की है। पुलिस की पूछताछ में चोरों ने बताया कि वह कार से आसपास के जिलों में रेकी करते हैं। उसके बाद मौका मिलने के बाद चोरी की घटना को अंजाम देते हैं।
जंगल में छिपाए थे पाइप
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पाइप चोरी करके बोहदपुरा के जंगल में छिपा दिए थे। सोमवार को वह चोरी के पाइप ट्रक में लादकर गौतमबुद्धनगर बेचने ले जा रहे थे, तभी पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली टीमों को एएसपी ने 25 हजार का इनाम देने की घोषणा की है। एएसपी ने बताया कि पकड़े गए चोरों का आसपास के जिलों और प्रदेशों में आपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है। चोरों पर गैंगस्टर की कार्रवाई भी की जाएगी।