दीजो अपना साथ, हे जगन्नाथ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जनरलगंज स्थित एक गली में भगवान जगन्नाथ जी के तीन मंदिर श्री जगन्नाथ मंदिर बाई जी, श्री जगन्नाथ मंदिर वीर जी भगत और श्री उमा जगदीश मंदिर आसपास हैं। इन्हीं मंदिरों की वजह से यह गली जगन्नाथ गली के नाम से मशहूर है। यात्रा संचालन समिति के संयोजक ज्ञानेंद्र विश्नोई ज्ञानू ने बताया कि 25 जून को श्री जगन्नाथ मंदिर बाई जी से रथ यात्रा निकलेगी, जो विभिन्न मार्गों से होती हुई सरसैया घाट पहुंचेगी, जहां विशेष आरती, पूजन होगा। दूसरे दिन एक रथ यात्रा श्री जगन्नाथ मंदिर वीर जी भगत से निकलेगी, जबकि श्री उमा जगदीश मंदिर की रथ यात्रा धनकुट्टी स्थित कत्थे वाले मंदिर से उठेगी। श्री उमा जगदीश मंदिर से भगवान जगन्नाथ जी को रथ से कत्थे वाला मंदिर ले जाया जाएगा। और वहीं से रथयात्रा निकलेगी। सभी रथ यात्राओं में आगे-आगे भगवान गणेश जी, शंकर - पार्वती जी, राम दरबार, कृष्ण-राधा सहित 12 से अधिक रथ बैंड-बाजों के साथ चलेंगे। सबसे पीछे भगवान जगन्नाथ का रथ रहेगा। यात्रा शाम 5 बजे से शुरू होकर भोर पहर तक भ्रमण करेगी। श्री जगन्नाथ मंदिर वीर जी भगत की रथ यात्रा प्रयाग नारायण मंदिर, शिवाला का परिक्रमा भी करती है। तीनों यात्राओं के दौरान रास्ते में जगह - जगह भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा। विभिन्न व्यापारी और समाजसेवी संगठन भी जगह - जगह पानी, कढ़ी - चावल, कोल्डड्रिंक, बिस्कुट आदि वितरित करते हैं।
25 जून का रथ यात्रा मार्ग
श्री जगन्नाथ मंदिर बाई जी से शुरू होकर काहू कोठी, नयागंज, मारवाड़ी कॉलेज, हूलागंज, भूसाटोली, नागेश्वर मंदिर, जनरलगंज, मनीराम बगिया, चौक सर्राफा, शिवाला, सरसैया घाट, शिवाला, संगम लाल मंदिर, कमला टावर, लाठी मोहाल होती हुई लौटकर इसी मंदिर में संपन्न होगी।
26 जून का रथ यात्रा मार्ग
श्री जगन्नाथ मंदिर वीर जी भगत से काहूकोठी, नयागंज, जनरलगंज होते हुए शिवाला और वहां प्रयाग नारायण मंदिर की परिक्रमा लगाकर संगम लाल मंदिर, कमला टावर, लाठी मोहाल होते हुए मंदिर में संपन्न होगी। श्री उमा जगदीश मंदिर से भगवान जगन्नाथ जी, बलदाऊ जी और सुभद्रा जी को एक रथ से धनकुट्टी स्थित कत्थे वाला मंदिर ले जाया जाएगा, वहां से रथ यात्रा शुरू होगी।